इराज लालू यादव का पहला जन्मदिन: गाजियाबाद में जुटेंगे दिग्गज, दिखेगी विपक्षी एकता
लालू यादव के पोते इराज का पहला जन्मदिन गाजियाबाद के 'रागिनी विला' में। जंगल सफारी थीम पर कार्ड, राहुल गांधी, अखिलेश और केजरीवाल समेत कई दिग्गजों के जुटने की उम्मीद।
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पोते और तेजस्वी यादव के बेटे इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन की पार्टी बेहद ही खास होने वाली है। पूरा लालू परिवार गाजियाबाद में मौजूद है और गाजियाबाद में ही इराज के जन्मदिन की तैयारियां की गई हैं। इराज लालू यादव का जन्मदिन रागिनी यादव के ससुराल गाजियाबाद के रागिनी विला में मनाया जा रहा है। रागिनी यादव इराज की बुआ हैं। यूं तो लालू यादव के पोते की बर्थडे पार्टी में बहुत कुछ खास है लेकिन सेलिब्रेशन से पहले इस बर्थडे में मेहमानों को दिए गए आमंत्रण कार्ड की भी काफी चर्चा हो रही है।
इराज लालू यादव के पहले जन्मदिन के मौके पर जंगल सफारी की थीम पर कार्ड छपवाए गए हैं। इस कार्ड पर ही बता दिया गया है कि बर्थडे की शाम मनोरंजन, हंसी-खुशी और बेशुमार यादों से भरी-पूरी होगी। इस कार्ड में एक बाघ की तस्वीर भी नजर आ रही है। कहा जा रहा है कि जन्मदिन के मौके पर यूं तो कई वीवीआईपी और वीआईपी गेस्ट इराज को अपना स्नेह और आशीर्वाद देने आएंगे। इस दौरान यहां विपक्षी एकता की भी झलक दिख सकती है।
ममता बनर्जी के भी आने की चर्चा
कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इराज के जन्मदिन में शामिल होने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जहां न्योता दिया गया है तो वहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल भी इस पार्टी में नजर आ सकते हैं। इसके अलावा यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी इराज को अपना आशीर्वाद देते नजर आ सकते हैं। इन नेताओं के अलावा पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आने की भी उम्मीद जताई जा रही है। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल को मिली करारी हार के बाद लालू प्रसाद यादव के घर का यह सबसे बड़ा समारोह है।
इराज के पिता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव समेत परिवार के सभी सदस्य कुछ दिन पहले ही दिल्ली रवाना हो गए थे। इराज की बर्थडे पार्टी के बहाने अब विपक्षी एकता का संदेश भी दियाा जा सकता है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि इराज के बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए गाजियाबाद में ‘रागिनी विला’ को भव्य तरीके से सजाया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग जोन बनाया गया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पूरा डेकोरेशन जंगल सफारी की थीम पर किया गया है। मेन्यू में बिहारी और उत्तर भारतीय व्यंजनों का भी इंतजाम किए जाने की बात कुछ मीडिया रिपोर्ट में कही जा रही है। हालांकि, आधिकाारिक तौर पर मेन्यू की कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। कई खास मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। बहराहल अब इस पार्टी में सबकी नजर इस बात पर भी टिकी है कि क्या लालू याादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव औऱ बेटी रोहिणी आचार्या भी इस खास मौके पर मौजूद रहेंगे?