कंघी करने की ये 5 गलतियां बढ़ा सकती हैं हेयर फॉल: जानें बाल झड़ने से रोकने के सही तरीके
कंघी करने की इन गलतियों से बढ़ता है हेयर फॉल; गीले बाल सुलझाने व गंदे कंघे से बचें, जानें बाल झड़ने से रोकने के आसान उपाय।
हेयर फॉल की समस्या की शिकायत करते आज के समय में ज्यादातर लोग दिख जाते हैं। इसके पीछे की मुख्य वजहों की बात करें तो केमिकल वाले हार्श प्रोडक्ट्स से लेकर पॉल्यूशन, खराब खानपान, अनहेल्दी रूटीन माना जाता है, लेकिन कई बार कुछ बहुत ही बेसिक सी चीजें भी हमारे बालों को नुकसान पहुंचाती हैं, जिसको लेकर हम ज्यादातर ध्यान नहीं देते हैं। जैसे बालों में रोजाना कंघी तो सभी करते हैं, लेकिन इसी से जुड़ी कुछ ऐसी गलतियां हैं जो हेयर फॉल की वजह बन सकती हैं।
इस आर्टिकल में जानेंगे कि कैसे गीले बालों को सुलझाने से लेकर बालों में कंघी करने का गलत तरीके समेत सही कॉम्ब न चुनने तक, जैसे कुछ चीजें हेयर फॉल और बालों के टूटने की वजह बन सकती हैं।
💧 गीले बाल सुलझाना
लड़कियां अक्सर बाल धोने के बाद सिर्फ तौलिया से पोंछने के बाद सुलझाना शुरू कर देती हैं। उन्हें लगता है कि इससे बाल जल्दी और आसानी से सुलझ जाएंगे, लेकिन इससे बाल ज्यादा टूटते हैं और जड़ से भी निकलते हैं। दरअसल जब बालों में नमी रहती है तो पानी सोखने वाली ऊपरी लेयर क्यूटिकल मुलायम होती है। ऐसे में जब आप कंघी करते हैं तो बालों पर खिंचाव पड़ता है और वो आसानी से टूट जाते हैं।
🪮 गंदा कंघा यूज करना
आपने कभी सोचा है कि आप अपने कंघे या कंघी को कितने दिन में धोते हैं या फिर चेंज करते हैं। भले ही देखने में कॉम्ब बिल्कुल साफ लग रहा हो, लेकिन फिर भी इसे हफ्ते में 1 या दो बार अच्छे से साफ करना चाहिए ताकि इसके ब्रिसल्स में फंसी गंदगी और बैक्टीरिया हट जाएं। जब आप गंदा कंघा इस्तेमाल करते हैं तो इससे आपकी स्कैल्प अनहेल्दी हो सकती है और इंफेक्शन का खतरा भी बना रहता है। इसी तरह से किसी दूसरे का कंघा इस्तेमाल करने से भी बचना चाहिए।
⚠️ गलत तरह से कंघा करना
बालों को अगर आप सीधे स्कैल्प के पास से सुलझाना शुरू करती हैं तो आपके बाल ज्यादा टूट सकते हैं और जड़ से भी ज्यादा निकलते हैं। दरअसल बालों के बीच में और सिरे पर उलझी हुई गांठें होती हैं, जब आप सीधे स्कैल्प से कंघी लगाकर नीचे लाते हैं तो ज्यादा खिंचाव आता है। सबसे पहले सिरों को सुलझाएं, इसके बाद बालों की मिड लेंथ में कंघी करें और फिर स्कैल्प से कंघी को नीचे लेकर आएं।
✨ गलत कंघा चुनना
आप नॉर्मल हेयर कॉम्बिंग और उलझे हुए बालों के लिए एक ही कंघा यूज करती हैं तो इससे भी बाल ज्यादा टूटते हैं। उलझे हुए बालों के लिए बारीक ब्रिसल्स वाली सख्त प्लास्टिक की कंघी इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। बाल जब सुलझाने हों तो चौड़े ब्रिसल्स वाली कंघी का इस्तेमाल करें। बाल बहुत ज्यादा उलझे हुए हों तो हमेशा पहले छोटे-छोटे सेक्शन बना लें और फिर सुलझाना शुरू करें।
⏰ जल्दी-जल्दी कंघी करना
सुबह ऑफिस या कॉलेज जाने की जल्दी है। इसी वजह से तेज-तेज कंघी करती हैं ताकि जल्दी से बाल सुलझ जाएं तो इससे आपके बाल जड़ों से बुरी तरह खिंच सकते हैं। कोशिश करें कि अपने बालों को हमेशा तसल्ली से सुलझाएं। बाल उलझ जाते हैं तो रात में हमेशा चोटी गूंथ कर सोएं।