कुरुक्षेत्र: बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने किया पावर हाउस का घेराव

कुरुक्षेत्र के भैंसी माजरा में लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव कर एसडीओ को घेरा। जानिए क्या है पूरी समस्या और विभाग का जवाब।

कुरुक्षेत्र : जिले के भैंसी माजरा गांव में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने देर रात पावर हाउस का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे एसडीओ और जेई को घेरकर जमीन पर बैठा लिया तथा करीब आधे घंटे तक बिजली कटौती और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर सवाल-जवाब किए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के रात के समय लगातार बिजली कट लगाए जा रहे हैं। कई बार निर्धारित समय से पहले ही बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पावर हाउस में न तो लाइनमैन और न ही फोरमैन की पर्याप्त व्यवस्था है तथा पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी एक ऑपरेटर के भरोसे चल रही है।

ग्रामीणों ने जेई आकाशदीप से पूछा कि यदि बिजली लाइन पर कोई कार्य चल रहा था तो इसकी सूचना उपभोक्ताओं को पहले क्यों नहीं दी गई। आरोप लगाया गया कि लाइनमैन समय पर मौके पर नहीं पहुंचते, जिससे बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी होती है। वहीं एसडीओ से भी देर से पहुंचने और विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर जवाब मांगा गया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी छापेमारी से पहले कुछ लोगों को सूचना दे देते हैं, ताकि वे बिजली चोरी बंद कर सकें। हालांकि एसडीओ ने इन आरोपों को निराधार बताया। ग्रामीण प्रदीप कुमार ने कहा कि रात करीब 9 बजे से बिजली कट शुरू हो जाते हैं और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहती है। कई बार जेई को फोन किए गए, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद ग्रामीण पावर हाउस पर एकत्र हो गए।

करीब तीन घंटे बाद ग्रामीण एसडीओ सुभाष कुमार और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पावर हाउस पर लाइनमैन और फोरमैन की व्यवस्था की जाएगी तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिजली कट विभाग की मर्जी से नहीं बल्कि कंट्रोल रूम के निर्देशानुसार लगाए जाते हैं। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.