गाजियाबाद: अब सीमाओं पर होगी खाने की जांच, मिलावटी सामान पर लगेगा अंकुश
गाजियाबाद प्रशासन अब बाहरी जिलों से आने वाले दूध, पनीर और खोया जैसे खाद्य पदार्थों की सीमाओं पर ही जांच करेगा। मिलावटखोरों पर नकेल कसने की बड़ी तैयारी।
गाजियाबाद । जिले में बाहरी जनपदों से आने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नई रणनीति तैयार की है। विभाग अब जनपद की सीमाओं पर निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्थायी टीम का गठन करने में जुट गया है। यह टीम रोस्टर के आधार पर विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात रहेगी और बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करेगी। जिले में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में दूध से बने उत्पाद, विशेष रूप से पनीर, खोया और अन्य दुग्ध उत्पाद बाहरी जनपदों से पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखना विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में पनीर और खोए की खपत कई गुना बढ़ जाती है। इसी कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर नमूने एकत्र करता है, लेकिन अब सीमाओं पर ही निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की योजना बनाई गई है ताकि संदिग्ध खाद्य सामग्री को जिले में प्रवेश करने से पहले ही जांच के दायरे में लाया जा सके।
निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना
जिला अभिहित अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले की सीमाओं पर नियमित निगरानी से मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य से जिले में आने वाली खाद्य सामग्री की निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। स्थायी टीम के गठन के बाद सीमाओं पर जांच की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और नियमित हो जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सकेगा।
टीम की तैनाती की प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार स्थायी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को शामिल किया जाएगा। टीम का रोस्टर तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न दिनों और समय पर कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित होगी। यह टीम जिले की प्रमुख सीमाओं और प्रवेश मार्गों पर निगरानी रखेगी और वाहनों की जांच कर खाद्य सामग्री के नमूने भी लेगी।