गाजियाबाद की 192 सड़कों के दिन बहुरेंगे, पीडब्ल्यूडी ने शासन को भेजा प्रस्ताव; जल्द होगा चौड़ीकरण
गाजियाबाद में पीडब्ल्यूडी पांचों विधानसभा क्षेत्रों की 192 सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण कराएगा। शासन से 20 सड़कों के प्रस्ताव मंजूर हो गए हैं।
गाजियाबाद जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की 192 सड़कें जल्द दुरुस्त की जाएंगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजे हैं। फिलहाल 20 सड़कों के प्रस्ताव मंजूर हो गए हैं। सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण से लोगों को राहत मिलेगी।
संपर्क मार्ग और मुख्य सड़कों के गड्ढों में तब्दील होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़कों के बदहाल होने से हादसा होने का खतरा बना रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया और ई-रिक्शा सवार को उठानी पड़ रही है। ई-रिक्शा का गड्ढों में गिरने का डर रहता है। स्थानीय लोग प्रशासन से सड़कों की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। पीडब्ल्यूडी ने विधानसभा वार सड़कों की मरम्मत, चौड़ीकरण और सुरक्षा के इंतजाम कराने के प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। पांचों विधानसभा क्षेत्रों की कुल 192 सड़कों पर काम कराया जाएगा। इनमें सड़कों की मरम्मत, नवीनीकरण, चौड़ीकरण और सुरक्षा के काम होंगे।
दुहाई-रावली रोड होगा चौड़ा
एक्सईएन रामराजा ने बताया शासन ने 20 सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के प्रस्ताव स्वीकार किए हैं। शेष प्रस्ताव जल्दी पास हो जाएंगे। उन्होंने बताया दुहाई-रावली मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। पाइप लाइन वाया सुल्तानपुर मिलक चाकरपुर मार्ग का नवीनीकरण होगा। अगले महीने के आखिरी तक कई सड़कों पर मरम्मत कार्य शुरू कराए जाएंगे।
इस समय परेशानी हो रही
देहात क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत होने से लोगों को राहत मिलेगी। कई मुख्य मार्ग और संपर्क मार्ग के बदहाल होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। अंधेरा होने से दोपहिया और ई-रिक्शा सवार को सड़कों पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। इस कारण हादसा होने की आशंका रहती है। किसानों को भी खेतों तक आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है।
रामराजा, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग, ”पांचों विधानसभा क्षेत्रों की 192 सड़कें दुरुस्त होंगी। सुरक्षा के इंतजाम भी कराए जाएंगे। शासन ने 20 सड़कों के प्रस्ताव मंजूर कर लिए हैं। शेष प्रस्ताव भी जल्द स्वीकार होने की उम्मीद है।
यूपीसीडा ने ग्रीन बेल्ट से कब्जे हटाए
लोनी के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में यूपीसीडा द्वारा अंसल कॉलोनी के पास ग्रीन बेल्ट में किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा रहा। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में दिल्ली सहारनपुर रोड पर यूपीसीडा द्वारा विकसित की गई अंसल कॉलोनी है। यूपीसीडा निर्माण के अधिशासी अभियंता एन के जैन ने बताया कि कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने असामाजिक तत्वों द्वारा ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की थी। सोमवार दोपहर अधिकारियों ने ग्रीन बेल्ट में किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की सहायता से हटाया।