नोएडा से कार चुराकर पत्नी को गिफ्ट करने वाला शातिर गिरफ्तार, बहन के यहां छुपा था आरोपी

पत्नी को मनाने के लिए पार्किंग से कार चुराने वाले अरुण को पुलिस ने किया गिरफ्तार। कार पर लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट।

नोएडा में पत्नी से चल रहे झगड़े को खत्म करने और उसे खुश करने के लिए एक व्यक्ति ने पार्किंग से कार चोरी कर ली। इसके बाद वह चोरी की कार लेकर एटा में पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि वह कार खरीदकर लाया है। हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान एटा निवासी 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अरुण मूलरूप से एटा के बागवाला थानाक्षेत्र के सोनसा गांव का रहने वाला है। वह नोएडा सेक्टर-63 के छिजारसी में किराये के मकान में रहता है और ड्राइवर की नौकरी करता है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसका अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था। पत्नी को मनाने और इम्प्रेस करने के लिए ही उसने कार चोरी की थी। कार लेकर वह एटा गया था और पत्नी को बताया कि उसने कार खरीदी है। हालांकि, बाद में कार की चोरी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह कन्नौज में अपनी बहन के यहां चला गया था और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। जब वह दोबारा नोएडा लौटकर आया तो पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पार्किंग से कार चुराकर भागा था अरुण

चोरी की गई कार गाजियाबाद निवासी एक टैटू आर्टिस्ट युवती की थी। युवती 12 सितंबर को सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में कार खड़ी कर इंटरव्यू देने गई थी। इसी दौरान आरोपी अरुण वहां से कार लेकर फरार हो गया था। इस मामले में सेक्टर-20 थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

थाना सेक्टर-20 पुलिस ने अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की ओर जाने वाले रास्ते पर खाली प्लॉट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि डिग्गी से उसकी असली नंबर प्लेट बरामद हुई। पुलिस ने चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर मुकदमे में धोखाधड़ी और चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सोसाइटी के गेट के पास से कार चोरी

वहीं, एक अन्य घटना में नोएडा सेक्टर-45 स्थित सोसाइटी में रहने वाले निखिल अग्रवाल ने अपनी कार 12 सितंबर की देर रात सोसाइटी के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। बदमाश अगले दिन तड़के उनकी कार लेकर फरार हो गए। वह सुबह मौके पर पहुंचने पर कार गायब मिली। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जब जांच की गई तो दो संदिग्ध लोग तड़के सोसाइटी के गेट के पास टहलते दिखे। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.