गाजियाबाद के आंबेडकर पार्क में प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, पुलिस जांच में जुटी

गाजियाबाद के नवयुग मार्केट स्थित आंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के बाद भारी हंगामा और धरना-प्रदर्शन। पुलिस ने शुरू की जांच।

नवयुग मार्केट स्थित आंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की सूचना से सोमवार सुबह हड़कंप मच गया। प्रतिमा के चेहरे पर गंदा पदार्थ लगाने की कोशिश किए जाने और प्रतिमा पर चढ़ाई गई मालाओं से छेड़छाड़ की बात सामने आने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए हैं। इस वक्त सैकड़ों की संख्या में लोग आंबेडकर पार्क में जमा होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही है।

लोगों में गहरी नाराजगी

घटना की जानकारी मिलने पर सुबह से ही आसपास के क्षेत्र से लोग आंबेडकर पार्क में जुटने लगे। लोगों ने प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश पर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते मौके पर भीड़ बढ़ गई। कुछ लोगों ने धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और प्रतिमा से छेड़छाड़ करने की कोशिश करने वाले व्यक्ति का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी तरह का माहौल खराब नहीं करने की अपील की।

सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किस समय हुई और उस दौरान प्रतिमा के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। घटना के बाद मौके पर बढ़ती भीड़ और लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगड़ने का प्रयास किया गया है। घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.