गाजियाबाद पुलिस की मुस्तैदी से मिला लापता बच्चा, पिता को सौंपी गई गुलफ्शा

गाजियाबाद के भोवापुर से लापता हुई 11 साल की बच्ची बिहार के बेतिया में मिल गई है। बच्ची बिना बताए अपनी दादी से मिलने निकली थी।

गाजियाबाद के कौशांबी थानाक्षेत्र के भोवापुर से संदिग्ध हालत में लापता हुई 11 साल की बच्ची बिहार के बेतिया में मिली। बच्ची को शनिवार देर रात बेतिया पहुंचे उसके पिता को सौंप दिया गया। बच्ची ने बताया कि वह पूर्णिया में रहने वाली दादी से मिलने के लिए घर से निकली थी। आनंद विहार से ट्रेन में बैठी और गलती से बेतिया में उतर गई।

बिहार के पूर्णिया में श्रीनगर के रहने वाले मोहम्मद शमशेर गाजियाबाद के भोवापुर में रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियां हैं। शमशेर ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त को उनकी 11 वर्षीय बेटी गुलफ्शा घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान वह लापता हो गई। उन्होंने बेटी की आसपास और रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने थाने में बेटी के अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दी।

इसी दौरान शमशेर के पास अज्ञात नंबर से फोन आया और बताया कि उनकी बेटी बिहार के बेतिया रेलवे स्टेशन पर है। उन्होंने इस बात की जानकारी कौशांबी थाना पुलिस को दी, जिसके बाद बेतिया पुलिस से संपर्क किया गया। बेतिया पुलिस ने उस मोबाइल नंबर पर बात कर बच्ची को बरामद कर लिया और परिजनों को सूचना दी। शमशेर शनिवार रात बेतिया पहुंचे और बच्ची को ले लिया। बेटी ने बताया कि उसे दादी की बहुत याद आ रही थी, इसीलिए बिना बताए घर से दादी से मिलने के लिए निकल गई।

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने कहा कि बच्ची सकुशल अपने पिता के पास है। उसके लौटने पर पता चलेगा कि वह कैसे स्टेशन पहुंची और किसी के साथ या अकेले ही ट्रेन में बैठी।

पूर्णिया के बजाए बेतिया स्टेशन पर पहुंच गई

बच्ची ने बताया कि वह ऑटो से आनंद विहार स्टेशन पहुंची। ऑटो चालक के पूछने पर बताया कि वह स्टेशन से निकली थी और रास्ता भूल गई। माता-पिता परेशान हो रहे होंगे, इसीलिए ऑटो चालक ने रुपये नहीं लिए। स्टेशन पर लोगों से पूछकर बिहार जाने वाली एक ट्रेन में बैठ गई। दूसरे दिन एक स्टेशन पर उतर गई। उसे लगा कि यह पूर्णिया स्टेशन है, लेकिन वह बेतिया में थी। इसके बाद डर गई और किसी के फोन से पिता से संपर्क किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.