गाजियाबाद: 15 वर्षीय किशोरी की इमारत से गिरकर मौत, पड़ोसी गिरफ्तार

गाजियाबाद में 15 वर्षीय किशोरी की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत। पुलिस ने पड़ोसी युवक शहनवाज को गिरफ्तार किया। परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, जांच जारी।

गाजियाबाद में एक सनकी ने 15 वर्षीय किशोरी को चौथी मंजिल से कथित तौर पर धक्का देकर गिरा दिया जिसके बाद अस्पताल में ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर कर लिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपी किशोरी के पड़ोस में रहता है और काफी समय से उसका पीछा कर रहा था।

दरअसल आरोपी मृतका का पड़ोसी है और कथित तौर पर बीते कई दिनों से उसका पीछा कर रहा था। किशोरी ने छेड़छाड़ का विरोध करते हुए उसे थप्पड़ जड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शहनवाज के रूप में हुई है और उसने कथित तौर पर 15 जुलाई को रात 10 बजे चौथी मंजिल से धक्का दिया।

बेटी का पीछा कर रहा था आरोपी

इंडिया टुडे के मुताबिक, मृतका की मां का दावा है कि उनकी बेटी घर के पास ही एक दुकान पर दूध खरीदने गई थी और इसी दौरान शहनवाज ने उसे रोक लिया और पास ही मौजूद बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर ले जाकर मौत के मुंह में ढकेल दिया। मां का दावा है कि आरोपी बीते कई हफ्तों से बेटी का पीछा कर रहा था और इस दौरान उसे बुरी तरह से प्रताड़ित भी कर रहा था। यही नहीं वह बहस के दौरान थप्पड़ मारने के बावजूद वह फिर उसे लगातार धमका रहा था। वह थप्पड़ का बदला लेने की फिराक में था।

धक्का दिया या आत्महत्या?

वहीं न्यूज 18 के मुताबिक, मृतका का पोस्टमार्टम किया जा चुका है जिसमें यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी पेशे से ड्राइवर है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि किशोरी को धक्का दिया गया या फिर उसने आत्महत्या की है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पड़ोसी ने दी परिवार को जानकारी

पड़ोसियों ने जब किशोरी को लहूलुहान हालत में देखा तो मां को सूचित किया गया। इसके बाद आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार की शिकायत पर आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया जो कि घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस 15 जुलाई की रात से ही उसकी तलाशी में जुट गई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.