गुरुग्राम पुलिस का बड़ा एक्शन: 13 और अवैध बांग्लादेशी नागरिक होंगे डिपोर्ट
गुरुग्राम में अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान जारी। अपराध शाखा ने 13 बांग्लादेशी नागरिकों को चिह्नित कर डिपोर्टेशन के लिए मालदा टाउन रवाना किया।
गुरुग्राम: अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. इसी अभियान के तहत अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने 13 बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत डिपोर्ट करने की कार्रवाई शुरू की है. गुरुग्राम पुलिस की एस्कॉर्ट टीम इन नागरिकों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन के लिए रवाना कर चुकी है.
दस्तावेजों की गहन जांच के बाद कार्रवाई: गुरुग्राम पुलिस शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके दस्तावेजों के सत्यापन के लिए लगातार विशेष चेकिंग अभियान चला रही है. इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियों, कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रह रहे लोगों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाते हैं या जो भारत में वैध रूप से रहने का प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाते, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
लगातार चलाया जा रहा विशेष अभियान: एसीपी क्राइम गुरुग्राम नवीन शर्मा ने कहा कि, “गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. जिन व्यक्तियों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जाते हैं या जो भारत में वैध रूप से रहने का वैध प्रमाण नहीं दे पाते, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है.”
मालदा टाउन के रास्ते होगी डिपोर्टेशन प्रक्रिया: पुलिस के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-39 द्वारा चिन्हित किए गए सभी 13 बांग्लादेशी नागरिकों को न्यू दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस के माध्यम से पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन ले जाया जा रहा है. वहां निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा. गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.