कुरुक्षेत्र: पीएम मोदी देंगे जाम से मुक्ति, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू
पीएम मोदी आज कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। गांव उमरी में सिख संग्रहालय की भी नींव रखी जाएगी।
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है. दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से प्रदेश के विकास के एक नए युग का श्रीगणेश करेंगे. इस भव्य कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र वासियों को जाम से मुक्ति दिलाने वाले एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण किया जाएगा. वहीं सिख इतिहास को समर्पित एक अत्याधुनिक संग्रहालय की नींव भी रखी जाएगी.
इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में एक विशेष जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. लोकार्पण के लिए कुरुक्षेत्र के छोटे रेलवे स्टेशन को फूलों से बेहद खूबसूरती से सजाया गया है.
कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से मिलेगी जाम से मुक्ति: करीब ₹475 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शहर के लिए एक बड़ी संजीवनी है. सरकार कुरुक्षेत्र को एक प्रमुख विश्वस्तरीय पर्यटन और तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और यह ट्रैक उस दिशा में एक बड़ा कदम है.
इस प्रोजेक्ट के मुख्य फायदे:
- 5 फाटकों के जाम से छुटकारा: यह ट्रैक शहर के लगभग आधे हिस्से को कवर करता है. इसके शुरू होने से 5 मुख्य रेलवे फाटकों पर लगने वाले भारी जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी.
- सुगम अंतर-राज्यीय यातायात: ट्रैक के नीचे से पंजाब (कैथल की तरफ से) और उत्तर प्रदेश के बीच आने-जाने वाले वाहन बिना किसी रुकावट के गुजर सकेंगे, जिससे समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होगी.
- पर्यटन और व्यापार में उछाल: यातायात सुगम होने और जाम खत्म होने से कुरुक्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होगी. इससे स्थानीय बाजारों में रौनक बढ़ेगी और व्यापार को एक नई ऊंचाई मिलेगी.
जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ: इस कार्यक्रम का एक और सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय रेलवे का हरित कदम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. प्रदूषण मुक्त तकनीक पर आधारित यह ट्रेन न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है, बल्कि यह पूरे देश में हरियाणा का मान भी बढ़ाएगी.
गांव उमरी में बनेगा अत्याधुनिक सिख संग्रहालय: इसके साथ ही सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को संजोने के लिए प्रधानमंत्री मोदी कुरुक्षेत्र के गांव उमरी में एक अत्याधुनिक सिख संग्रहालय का शिलान्यास भी करेंगे. यह म्यूजियम सिख गुरुओं के महान इतिहास, उनके बलिदान और गौरवशाली परंपराओं को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदर्शित करेगा.
जनसभा और अन्य परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण: इस भव्य आयोजन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद के एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. इसी मंच से पीएम मोदी वर्चुअल माध्यम से हरियाणा के अन्य क्षेत्रों के लिए भी कई अहम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ करेंगे, जिससे पूरे प्रदेश की विकास यात्रा को एक नई रफ्तार मिलेगी.
“सिख संग्रहालय से मिलेगा गौरवशाली इतिहास का ज्ञान”: हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय के निर्माण पर केंद्र व राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि, “यह दिन सिख समाज के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिख संग्रहालय की आधारशिला रखने जा रहे हैं. यह पूरे सिख समुदाय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है. संग्रहालय में सिख गुरुओं की शिक्षाओं, इतिहास, शौर्य और बलिदानों को आधुनिक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत से परिचित हो सकेगी. सिख इतिहास और विरासत को संरक्षित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है. मुख्यमंत्री जब भी पंजाब जाते हैं तो सिखों के मान-सम्मान के प्रतीक के रूप में पगड़ी धारण करते हैं. इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पंजाब के दौरे के दौरान पगड़ी पहनकर सिख परंपरा और सम्मान का आदर करते हैं. यदि वे हमारी पगड़ी का सम्मान करते हैं तो हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम उनके इस सम्मान का आदर करें.यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए सिख इतिहास और संस्कृति को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी.”