चंडीगढ़: पीएम मोदी देंगे करोड़ों की सौगात, सड़क-स्वास्थ्य प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास

पीएम मोदी आज चंडीगढ़ में ₹5000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। नई सड़कें, पीजीआई में स्वास्थ्य सेंटर और शैक्षणिक सुविधाओं की मिलेगी बड़ी सौगात।

चंडीगढ़: आज पीएम मोदी चंडीगढ़ को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. वो शहर और आसपास के राज्यों के लिए सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं का उद्देश्य ट्राईसिटी में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना, स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाना और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करना है.

चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने लिया जायजा: पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) का दौरा कर कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया. दोनों नेताओं ने सुरक्षा व्यवस्था, मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया. इस दौरान राज्यपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके.

इन परियोजनाओं की देंगे सौगात: दौरे के दौरान प्रधानमंत्री तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इनमें 31.23 किलोमीटर लंबे आईटी सिटी-कुराली (एनएच-205ए) ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन शामिल है, जिसकी लागत ₹1,936 करोड़ है. इसके अलावा अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड एनएच-205ए से पीआर-7 स्पर और जीरकपुर बाईपास का शिलान्यास भी किया जाएगा. इन दोनों परियोजनाओं पर ₹1,464 करोड़ और ₹1,878 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इन सड़कों के बनने से ट्राईसिटी में जाम की समस्या कम होगी और पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा चंडीगढ़ के बीच सड़क संपर्क पहले से अधिक सुगम होगा.

पीजीआई को भी सौगात देंगे पीएम: प्रधानमंत्री पीजीआईएमईआर में करीब ₹1,189 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे. इनमें ₹505 करोड़ की लागत से बना एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर और ₹440 करोड़ का एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर शामिल हैं. साथ ही प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत ₹243 करोड़ की लागत से बनने वाले 150 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखी जाएगी.

गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को मिलेगा बेहतर इलाज: एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों को बेहतर इलाज की सुविधाएं मिलेंगी. वहीं एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर में स्ट्रोक, ब्रेन हैमरेज और अन्य जटिल न्यूरोलॉजिकल बीमारियों का आधुनिक तकनीक से इलाज किया जा सकेगा. नया क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता को और मजबूत करेगा.

सड़क परियोजनाओं की मिलेगी सौगात: स्वास्थ्य और सड़क परियोजनाओं के अलावा प्रधानमंत्री पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल की आधारशिला रखेंगे. साथ ही पीईसी के कुरुक्षेत्र बॉयज हॉस्टल एवं मेस, सेक्टर-46 स्थित सरकारी कॉलेज के नए हॉस्टल ब्लॉक और धनास में बने 240 पुलिस आवासों का उद्घाटन भी करेंगे. चंडीगढ़ प्रशाशन और पीजीआई प्रशाशन का कहना है कि इन परियोजनाओं से केवल चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लाखों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और उन्नत शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिले.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के चंडीगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तथा यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं. कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में दोपहर 1:30 बजे होगा. इसके मद्देनजर शहर के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि कुछ प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा. प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और अनावश्यक रूप से वीवीआईपी रूट पर आने से बचने की अपील की है.

तीन हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात: चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इनके अलावा बीएसएफ समेत अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगे. पूरे सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे. कार्यक्रम स्थल से लेकर वीवीआईपी रूट तक बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है.

चंडीगढ़ ट्रैफिक एडवाइजरी: ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक चंडीगढ़-नयागांव बैरियर से पीईसी लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर-2/3/10/11 चौक तक वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात को डायवर्ट या सीमित किया जाएगा. ये व्यवस्था दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेगी. इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी ट्रैफिक रोका या मोड़ा जा सकता है. लोगों से सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक अपडेट देखने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है.

वाटरप्रूफ पंडाल: कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू होगी. प्रवेश से पहले सभी की सुरक्षा जांच होगी. कार्यक्रम स्थल पर पानी की बोतल सहित किसी भी प्रकार का सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी. सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा. बारिश की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ और पूरी तरह एयर कंडीशंड जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया गया है, ताकि मौसम खराब होने पर भी कार्यक्रम प्रभावित ना हो और लोगों को असुविधा का सामना ना करना पड़े.

चंडीगढ़ हाई सिक्योरिटी जोन घोषित: प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों का चयन पहले ही किया जा चुका है. इनमें मार्केट कमेटियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. सभी आमंत्रित लोगों को पहले से एंट्री पास जारी किए गए हैं. इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भाजपा नेताओं को सौंपी गई है. प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राजेंद्र पार्क से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है. इस दौरान नयागांव से चंडीगढ़ की ओर आने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. वहीं सेक्टर-2/3/10/11 चौक पर भी वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया जाएगा.

पीजीआई प्रशासन ने जारी किया विशेष सर्कुलर: दूसरी ओर, पीजीआई प्रशासन ने भी अधिकारियों, कर्मचारियों और फैकल्टी के लिए एक विशेष सर्कुलर जारी किया है. इसमें सभी संबंधित कर्मचारियों को 17 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे तक भार्गव ऑडिटोरियम पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि इमरजेंसी, ओपीडी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और अन्य आवश्यक सेवाओं में तैनात कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी से नहीं हटाया जाएगा, ताकि मरीजों के इलाज पर कोई असर ना पड़े. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी संस्थान में किया जाएगा.

प्रशासन की लोगों से अपील: प्रधानमंत्री के दौरे का असर शहर के कुछ निजी स्कूलों पर भी दिखाई देगा. कई स्कूलों ने अभिभावकों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा है कि पीजीआई, पीईसी, सेक्टर-11, खुड्डा अलीशेर और खुड्डा लाहौरा रूट पर चलने वाली स्कूल बसें बैरिकेडिंग के कारण प्रभावित हो सकती हैं. ऐसे में अभिभावकों से बच्चों को स्वयं स्कूल छोड़ने और वापस लेने का अनुरोध किया गया है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें, ताकि प्रधानमंत्री का दौरा सुचारु रूप से संपन्न हो सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.