हरियाणा में मानसून ब्रेक: अगले 3 दिन भीषण उमस, इन जिलों में येलो अलर्ट

हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी, 17 जिलों में येलो अलर्ट। 20 जुलाई तक उमस भरी गर्मी करेगी परेशान। भिवानी में तापमान 42 डिग्री के पार। जानें मौसम का ताजा हाल।

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे लोगों को अगले तीन दिन तक उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह समेत प्रभावित क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन में तेज धूप और हवा में नमी बढ़ने से लोगों को अधिक परेशानी महसूस होगी.

20 जुलाई के बाद सक्रिय होगा मानसून: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि, “मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा इस समय जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. यह ट्रफ धीरे-धीरे हिमालय की तलहटी की ओर बढ़ रही है. 20 जुलाई तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहेंगी, लेकिन इसके बाद ट्रफ नीचे आने पर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना है.”

बीच-बीच में बादल, लेकिन राहत नहीं: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 20 जुलाई तक पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना रहेगा. इस दौरान हवा में नमी अधिक होने से बीच-बीच में आंशिक बादल छा सकते हैं. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी और उमस से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.

भिवानी सबसे गर्म, गुरुग्राम की रात सबसे ठंडी: प्रदेश में दिन के तापमान में औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सबसे अधिक अधिकतम तापमान भिवानी में 42.0°C रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद रोहतक में 40.0°C, हिसार में 39.4°C तथा सिरसा और गुरुग्राम में 39.0°C तापमान दर्ज हुआ. वहीं, अंबाला में अधिकतम तापमान 37.7°C और करनाल में 36.4°C रहा. न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुरुग्राम 25.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि अंबाला, करनाल और रोहतक में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून में आए इस अस्थायी ब्रेक के कारण फिलहाल उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.