ग्रेटर नोएडा: टोल प्लाजा पर दबंगों का हंगामा, कर्मचारी को ईंट से पीटा

ग्रेटर नोएडा के लुहारली टोल प्लाजा पर टोल देने से मना करने पर दबंगों ने की तोड़फोड़ और कर्मचारी की ईंट-पत्थरों से पिटाई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पकड़े।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में स्थित दादरी थाना क्षेत्र के लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया. आरोप है कि जेल से छूटकर आया आरोपी काफिले के साथ जा रहा था. इस दौरान काफिले केकुछ लोगों ने बिना टोल शुल्क चुकाए जबरन निकलने की कोशिश की. विरोध करने पर उन्होंने न केवल टोल प्लाजा के बूम बैरियर को तोड़ दिया, बल्कि कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की. इस हमले में एक टोल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

बुधवार रात करीब 8:30 बजे कई वाहन लुहारली टोल प्लाजा पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि काफिले में शामिल गाड़ियों पर हूटर लगे हुए थे और उनमें सवार लोग टोल दिए बिना आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे. जब टोल कर्मचारियों ने नियमों के अनुसार वाहनों को रोककर शुल्क जमा करने के लिए कहा, तो आरोपी भड़क गए. उन्होंने जबरन बूम बैरियर तोड़ दिया और करीब एक दर्जन वाहनों को बिना टोल चुकाए निकाल लिया.

ईंट-पत्थरों से किया हमला

टोल कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. मामला बढ़ने पर कर्मचारियों के साथ हाथापाई और मारपीट की गई. इसी दौरान टोल कर्मचारी लोकमान सिंह ने खुद को बचाने के लिए वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने उसका पीछा किया. करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया और ईंट-पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.

घटना की पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में आरोपियों की दबंगई और तोड़फोड़ की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं. घटना के बाद टोल प्रबंधन और कर्मचारियों ने स्थानीय पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है. ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई कई गाड़ियों को भी सीज किया गया है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं. उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि कुछ आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आए थे और उसी के बाद काफिले के साथ टोल प्लाजा पहुंचे थे. पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.