ग्रेटर नोएडा में प्लॉट खरीदना हुआ महंगा: आवासीय और कमर्शियल रेट 3.58% बढ़े
ग्रेटर नोएडा के 19 प्रीमियम सेक्टरों में आवासीय प्लॉट के दाम अब ₹51,363/sqm हुए। प्राधिकरण ने सभी संपत्तियों के आवंटन रेट में 3.58% की वृद्धि की। जानें नए रेट।
ग्रेटर नोएडा शहर के अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा और स्वर्णनगरी समेत 19 आवासीय सेक्टर और अधिक महंगे हो गए हैं। इनमें प्लॉटों के आवंटन रेट 49,588 से बढ़कर 51,363 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गए हैं। इसमें ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नौ सेक्टर शामिल हैं। वहीं, सबसे कम आवंटन दर 34,680 सेक्टर-11, 17 और 20 की है। प्राधिकरण ने कार्यालय आदेश जारी किया है। नई आवंटन दरें 21 मई से प्रभावी मानी जाएंगी।
आवासीय के साथ व्यावसायिक और बिल्डर परियोजनाओं के लिहाज से भी ये 19 सेक्टर महंगे हो गए हैं। सबसे अधिक आवंटन दर श्रेणी-ए में आने वाले इन्हीं सेक्टरों की है। व्यावसायिक भूखंडों की आवंटन दर फ्लोर एरिया रेसियो ( एफएआर) के हिसाब से 72,436 और 98,776 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है। वहीं, बिल्डर परियोजनाओं के लिए आवंटन दर 59,266 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपनी सभी तरह की संपत्तियों के आवंटन दर में 3.58 फीसदी की वृद्धि की है। इसकी मंजूरी बीते 2 मई को हुई बोर्ड बैठक में मिली थी।
ई-नीलामी में कई गुना बोली लग रही
ग्रेटर नोएडा में मौजूदा व्यवस्था के तहत भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से किया जाता है। ऐसे में आरक्षित मूल्य से कई गुना अधिक बोली लग जाती है, जिससे कीमत और अधिक बढ़ जाती है। वहीं, बाजार दर की बात करें, तो आवासीय प्लॉटों के दाम लगभग दो लाख रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच गए हैं।
सबसे महंगे आवासीय सेक्टर
प्राधिकरण द्वारा निर्धारित की गई आवंटन दर के हिसाब से अल्फा-1, 2, गामा-1, 2, बीटा-1, 2, डेल्टा-1, 2, 3, स्वर्णनगरी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1, 2, 3, 4, 10, 12, 16, 16बी और 16सी आदि सेक्टर सबसे अधिक महंगे हैं।
आवासीय में बी, सी और डी श्रेणी के सेक्टरों की आवंटन दरें
बी श्रेणी में आने वाले सेक्टर चाई-2,3, 4, 5, चाई-फाई एक्सटेंशन, पी-1,2,3,4,5,6,7,8, पाई-1,2, फाई-1,2,3,4, फाई-चाई, सेक्टर-36,37, सिग्मा-1, जीटा-1,2 व सेक्टर म्यू-1 व म्यू-2 आदि की आवंटन दर 47,413 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है। सी श्रेणी में आने वाले सेक्टर-ओमीक्रॉन-1,1ए, 2, 3, ज्यू-1,2,3, सिग्मा-2, ईटा-1, सिग्मा-3 और सिग्मा-4 की आवंटन दर 44,779 रुपये प्रति वर्गमीटर और डी श्रेणी में शामिल सेक्टर-11, 17 व 20 की आवंटन दर सबसे कम 34,680 रुपये प्रति वर्गमीटर है।
सुनील कुमार सिंह, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भू-आवंटन दरों के निर्धारण का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई थी। परिसम्पत्तियों की आवंटन दर में सेक्टरवार और क्षेत्रवार हुई वृद्धि से संबंधित कार्यालय आदेश जारी कर दिया गया है। नई आवंटन दरें कार्यालय आदेश जारी होने की तिथि 21 मई से प्रभावी होंगी।”