दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन: मथुरा स्टेशन के पास बसेंगे नए शहर और होटल

दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन के मथुरा स्टेशन के पास 200 एकड़ में विकसित होंगे आवासीय और कमर्शियल सेक्टर। दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट मात्र 21 मिनट में। जानें पूरा रूट।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली से वाराणसी तक जोड़ने वाली हाईस्पीड ट्रेन स्टेशन के आसपास बड़े पैमाने पर आवासीय और व्यावसायिक सेक्टर विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचआरसीएल) ने मथुरा में बनने वाले स्टेशन के पास ऐसी संभावना पर काम शुरू कर दिया है।

यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मथुरा के यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित स्टेशन के पास 100 से 200 एकड़ जमीन की मांग की गई है। दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम जारी है। तय अलाइंमेंट के अनुसार, हाईस्पीड ट्रेन का एक स्टेशन नोएडा के सेक्टर-148 में प्रस्तावित है और दो स्टेशन यीडा क्षेत्र में है। इनमें एक नोएडा एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (जीटीसी) में अंडरग्राउंड होगा, जबकि दूसरा मथुरा जिले में यीडा के अधिसूचित इटौली गांव में प्रस्तावित किया गया है। वहीं, आगरा के ऐत्मादपुर में भी स्टेशन बनेगा।

ऐत्मादपुर गांव का कुछ हिस्सा यीडा क्षेत्र में है, जबकि कुछ आगरा विकास प्राधिकरण के पास है। यह स्टेशन आगरा क्षेत्र में ही बनाने की योजना है। नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा चयनित एजेंसी के एक पदाधिकारी ने सोमवार को इस संबंध में यीडा पहुंचकर बैठक की। उन्होंने हाईस्पीड ट्रेन के आसपास भूमि में रियल स्टेट डेवलपमेंट का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि वह स्टेशन के पास बहुमंजिला आवासीय परियोजना, होटल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, ऑफिस स्पेश समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ाना चाहते हैं, इससे जहां स्टेशन के पास विकास तेजी से बढ़ेगा, वहीं परियोजना में होने वाले खर्च को भी संतुलित किया जा सकेगा। अब जल्द ही अफसर इस संबंध में एनएचआरसीएल और चयनित एजेंसी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसके बाद परियोजनाओं पर आगे काम बढ़ाया जाएगा।

पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा

हाईस्पीड ट्रेन का मथुरा में स्टेशन बनने से क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। यमुना विकास प्राधिकरण मथुरा में हेरिटेज सिटी विकसित करने जा रहा है। यहां तमाम प्रकार की विशेष सुविधाएं होंगी। साथ ही, क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित जाएगा। ऐसे में यहां हाईस्पीड ट्रेन का स्टेशन बनने से क्षेत्र में रोजगार, निवेश, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र भविष्य में एक बड़े शहरी केंद्र के रूप में उभरेगा।

एलिवेटेड ट्रैक होगा

हाईस्पीड ट्रेन परियोजना से दिल्ली के सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट का 70 किलोमीटर का सफर मात्र 21 मिनट में पूरा हो सकेगा। रेलवे ट्रैक नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ऊपर से बीचोंबीच यानी सड़क के दोनों लेन के बीच के हिस्से (सेंटर वर्स) पर एलिवेटेड बनेगा। यह ट्रैक दिल्ली से नोएडा के सेक्टर-148, नोएडा एयरपोर्ट, मथुरा, आगरा होते हुए इटावा, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, भदौही, अयोध्या और वाराणसी तक 800 किलोमीटर का एलिवेटेड होगा।

वृंदावन पहुंचना आसान होगा

हाईस्पीड का स्टेशन मथुरा में बनने के बाद दिल्ली से बांके बिहारी के दर्शन के लिए मिनटों में वृंदावन पहुंचा जा सकेगा। साथ ही ताजमहल का दीदार करना भी आसान हो जाएगा। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बांके बिहारी और ताजमहल का दीदार के वापस लौटने में कई घंटे लगते है।

हाईस्पीड ट्रेन से जुड़ने वाला पहला एयरपोर्ट बनेगा

नोएडा एयरपोर्ट हाईस्पीड ट्रेन से सीधे जुड़ने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा। एयरपोर्ट को मेट्रो, नमो भारत के साथ ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, यमुना-गंगा एक्सप्रेसवे, एनएच-34, 91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे समेत अन्य मार्गों और हाइवे से कनेक्ट करने का काम किया जा रहा है। कुछ काम पूरे भी हो चुके हैं। नमो भारत और मेट्रो के स्टेशन भी तय हो चुके हैं।

रिपोर्ट बनाने का काम जारी

परियोजना के अलाइंमेंट समेत एयरपोर्ट के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर समेत ट्रैक के आसपास बिछी बिजली, पानी और गैस की पाइपलाइन की रिपोर्ट बनाने का काम जारी है, ताकि भविष्य में लोगों को मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी न झेलनी पड़े। यीडा के अफसरों ने सभी जिलों के प्रशासन से इसकी रिपोर्ट मांगी है। यीडा का अधिसूचित क्षेत्र छह जिलों तक फैला है। इनमें गौतमबुद्ध नगर के अलावा बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आगरा शामिल हैं।

शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यीडा, ”मथुरा में स्टेशन के पास आवासीय और व्यावसायिक विकास क्षेत्र में निवेश और रोजगार बढ़ेगा। इस संबंध में सोमवार को एजेंसी की ओर से एक प्रतिनिधि से बातचीत हुई। वह मथुरा में स्टेशन के पास रियल स्टेट डेवलपमेंट के लिए जमीन मांग रहे हैं। जल्द ही मामले में अगली बैठक होगी और निर्णय लिया जाएगा।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.