ग्रेटर नोएडा में सौरभ दास के विरोध का वीडियो वायरल, पुलिस ने बीच-बचाव कर संभाली स्थिति

'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास का ग्रामीणों ने किया जोरदार विरोध।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाने के लिए मंगलवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे। इस दौरान एक गांव में उनका जमकर विरोध हुआ। सौरभ दास को देखते ही कुछ ग्रामीण भड़क उठे और उनका विरोध करने लगे। लोग दास और उनकी टीम के खिलाफ बेहद आक्रामक हो गए और चीखते हुए उनकी ओर बढ़े। गनीमत रही कि पुलिस और कुछ अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया। गौरतलब है कि इससे पहले राजस्थान में भी सीजेपी की टीम पर इस तरह एक गांव में हमला हो गया था। वहां, सीजेपी के दूसरे सह संयोजक आशुतोष रांका और अन्य को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया था।

एक दिन पहले ओडिशा में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने गए सौरभ दास मंगलवार को एक बार फिर दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा पहुंचे। इससे पहले नोएडा के कुछ स्कूलों में जा चुके सौरभ दास ने दावा किया कि उनके जाने से पहले स्कूलों पर ताले लगा दिए गए थे। उन्होंने एक स्कूल के गेट पर शिक्षकों से बातचीत करे हुए एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘स्कूल को शिक्षा का मंदिर भी कहा जाता हैं। लेकिन आज UP सरकार ने ग्रेटर नोएडा के सारे मंदिरों पे ताले लगा दिए गए हैं। ऐसा भय क्यों हैं UP सरकार को?’ एक अन्य पोस्ट में सौरभ दास ने ग्रेटर नोएडा के देवला गांव का वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने स्कूल की ओर जाने वाले रास्ते की खराब स्थिति और इसका जलजमाव दिखा। वह कार में ही बैठकर कुछ लोगों से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं।

बढ़ने लगी बात, पुलिस ने स्थिति को संभाला

इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग कॉकरोच पार्टी की टीम के साथ बहस और बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि उनके बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की दिक्कत नहीं है और कॉकरोच पार्टी से उन्हें किसी तरह की मदद नहीं चाहिए। दोनों पक्षों में टकराव की नौबत आ गई। स्थिति बिगड़ते देख कुछ पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव किया और हंगामा कर रहे लोगों को मौके से हटाया।

राजस्थान में हो चुकी मारपीट

इससे पहले राजस्थान में आशुतोष रांका और उनके साथियों पर हमला हो गया था, जब उनकी टीम एक गांव में कथित तौर पर तबेले में चलने वाले स्कूल को दिखाने के लिए पहुंची थी। ग्रामीणों ने रांका और उनके साथियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था और गाड़ियों पर पथराव किया था। सीजेपी ने भाजपा पर हमले कराने का आरोप लगाया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.