Ghaziabad News: लिफ्ट में गंदी हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, साथ ही सांप-नेवले का वीडियो भी चर्चा में
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी की लिफ्ट में युवक की अशोभनीय हरकत का वीडियो वायरल। लोगों में भारी रोष।
गाजियाबाद की एक सोसाइटी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक लिफ्ट के अंदर अशोभनीय हरकत करते दिख रहा है। यह पूरी घटना लिफ्ट के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपी युवक बार-बार रुक रहे दरवाजे को हाथ से रोकता भी नजर आ रहा है। अंदेशा है कि युवक नशे में था। घटना से सोसाइटी के निवासियों में काफी गुस्सा है। लोग आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी की घटना
घटना इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी की बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सोसाइटी की लिफ्ट में एक युवक को अशोभनीय हरकत करते देखा जा सकता है। आरोप है कि युवक लिफ्ट में लघुशंका कर रहा है। लोग इसको लेकर रोष जता रहे हैं। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
सीसीटीवी कैमरे में घटना रिकॉर्ड
वायरल फुटेज के मुताबिक, युवक लिफ्ट में प्रवेश करने के तुरंत बाद यह हरकत शुरू कर देता है। इस दौरान लिफ्ट रास्ते में कई बार रुकती भी है, लेकिन युवक अपने हाथ से दरवाजे को रोकता दिख रहा है। लिफ्ट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
नशे में लग रहा युवक
वीडियो में युवक खुद पर संतुलन नहीं बना पा रहा है। इससे मालूम पड़ रहा है कि घटना के वक्त वह काफी नशे में था। घटना के बाद सोसाइटी निवासियों में गहरा रोष है। लोग आरोपी युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सांप नेवले का भी वीडियो वायरल
गाजियाबाद में एक और वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सांप और नेवला दिख रहे हैं। वीडियो पंचशील वेलिंग्टन सोसाइटी के बाहर ग्रीन बेल्ट का बताया जा रहा है। इसे देखकर लोगों ने इलाके में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक कराने की मांग की है। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो एक मिनट 50 सेकंड का है, जिसमें एक सांप दिख रहा है। हालांकि आहट होते ही वह पौधों के बीच छिप जाता है। कुछ समय बाद ही वीडियो में नेवला दिखता है।