हिमाचल के कुल्लू में दर्दनाक हादसा; NH-305 पर 350 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, शादी से लौट रहे 4 की मौत
कुल्लू जिले के आनी में NH-305 पर भीषण हादसा! शादी समारोह से लौट रही ऑल्टो कार खाई में गिरी। जाबोड़ा गांव के 4 युवकों की मौत, 1 गंभीर घायल।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल से एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. सोमवार देर रात करीब 3:30 बजे नेशनल हाईवे 305 (NH-305) पर हरिपुर के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 350 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी. इस भयानक हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. कार में सवार सभी 5 लोग एक ही गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार थे, जो एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे.
पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे.
जैसे ही उनकी कार NH-305 पर हरिपुर के समीप पहुंची, अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे 350 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए.
सुबह शुरू हुआ सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों को लगी, जिसके बाद पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और प्रशासनिक टीमों को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर खाई में उतरे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दुर्घटना स्थल से चार लोगों के शव बरामद किए गए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
मृतकों और घायल की पहचान
DDMA कुल्लू और पुलिस के अनुसार, हादसे में मारे गए चारों युवकों की पहचान राहुल राणा, बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन के रूप में हुई. ये चारों आनी तहसील के जाबोड़ा गांव के निवासी थे. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल 29 वर्षीय सुरेश कुमार भी जाबोड़ा गांव का ही रहने वाला है. उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) आनी में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.