चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन: 20-25 जुलाई के बीच बदलेंगे इन ट्रेनों के प्लेटफॉर्म
चंडीगढ़ स्टेशन पर एयर कॉनकोर्स निर्माण कार्य के चलते 20 से 25 जुलाई तक प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं। यात्रा से पहले लेटेस्ट अपडेट और लिस्ट जरूर देखें।
चंडीगढ़: चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से 20 से 25 जुलाई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है. स्टेशन पर चल रहे री-डेवलपमेंट कार्य के कारण छह दिनों तक कई प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बदल दिए जाएंगे. ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर जरूर जांचने की सलाह दी गई है.
एयर कॉनकोर्स निर्माण के लिए लिया जाएगा ब्लॉक: रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर आधुनिक एयर कॉनकोर्स के निर्माण का कार्य जारी है. इसी निर्माण प्रक्रिया के तहत प्रतिदिन सुबह 10:10 बजे से दोपहर 2:10 बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान कुछ प्लेटफॉर्मों पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा, जिसके चलते कई ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के प्लेटफॉर्म बदले गए हैं.
इन प्रमुख ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में रहेगा बदलाव: नई व्यवस्था के अनुसार चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस (12046) अब प्लेटफॉर्म-6 के बजाय प्लेटफॉर्म-2 से रवाना होगी. अंबाला-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (14542) प्लेटफॉर्म-2 की जगह प्लेटफॉर्म-1 से चलेगी. सहरसा-अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस (15531) प्लेटफॉर्म-3 के बजाय प्लेटफॉर्म-1 पर पहुंचेगी. वहीं जनशताब्दी एक्सप्रेस (12058) और कालका-दिल्ली एक्सप्रेस (14332) का संचालन प्लेटफॉर्म-2 के स्थान पर प्लेटफॉर्म-3 से किया जाएगा.
यात्रा से पहले प्लेटफॉर्म जरूर करें कन्फर्म: रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा वाले दिन कम से कम 30 से 40 मिनट पहले स्टेशन पहुंचें. साथ ही रेलवे हेल्पलाइन 139, NTES ऐप और स्टेशन के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर अवश्य जांच लें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
निर्माण पूरा होने पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं: रेलवे का कहना है कि री-डेवलपमेंट परियोजना पूरी होने के बाद चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अधिक आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी. एयर कॉनकोर्स बनने से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और स्टेशन पर ट्रेनों के संचालन में भी अधिक सुगमता आएगी.