चोटिल बाबर आजम को दूसरे टेस्ट में खिलाने की क्यों है मजबूरी? जानिए कप्तानी और रिकॉर्ड्स का सच
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट से पहले बाबर आजम ने स्वीकार किया कि वह 100% फिट नहीं हैं। जानिए पाकिस्तान टीम के फैसले और बाबर के बयानों की पूरी रिपोर्ट।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले जिस बाबर आजम को फिट बताकर पाकिस्तान ने दूसरे टेस्ट में उतारने का फैसला कर लिया है. उन्होंने खुद अपनी फिटनेस का भंडाफोड़ किया है. लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट से पहले बाबर आजम ने ये स्वीकार किया है कि वो 100 प्रतिशत फिट नहीं है. अब ऐसे में सवाल है कि फिर पाकिस्तान को उन्हें उतारने की इतनी भी जल्दी क्या है? आइए सबसे पहले ये जानते हैं कि बाबर आजम ने अपनी फिटनेस को लेकर क्या कहा?
बस 90 प्रतिशत फिट- बाबर आजम
बाबर आजम ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले किए प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ-साफ कहा कि वो बस 90 प्रतिशत ही दूसरे टेस्ट के लिए फिट हैं. बाबर ने ये जरूर कहा कि उन्होंने कुछ प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया. मगर जहां तक मैच फिटनेस की बात है, उस पैमाने पर वो 90 प्रतिशत ही फिट हैं. मतलब ये कि वो पूरी तरह से 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं.
बाबर आजम को कब लगी थी चोट?
बाबर आजम के हाथ में चोट लगी है. ये चोट उन्हें बेकेन्हम में PCC सेलेक्ट XI के खिलाफ खेले मुकाबले में लगी थी. उस मैच में पाकिस्तान की पहली पारी के दौरान तेज गेंदबाज मैनी लम्सडेन की गेंद हाथ पर लगते ही बाबर आजम दर्द से कराह उठे थे. चोट इतनी तेज थी कि उनके हाथ से उनका बल्ला तक छूट गया था और फिर रिटायर्ड हर्ट भी होना पड़ा था. चोट के चलते बाबर आजम इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर रहे थे. लेकिन, अब लंदन में पूरी फिटनेस नहीं होने के बावजूद भी टीम मैनेजमेंट ने उन्हें खिलाने का फैसला किया है.
बाबर आजम को दूसरे टेस्ट में खिलाने का फैसला क्यों?
बाबर आजम दूसरे टेस्ट में ना सिर्फ खेलेंगे बल्कि पाकिस्तान की कप्तानी भी करेंगे. दूसरा टेस्ट लॉर्ड्स में खेला जाना है, जहां बाबर आजम का रिकॉर्ड शानदार है. इस मैदान पर बाबर आजम ने सिर्फ एक टेस्ट इनिंग खेली है, जिसमें वो 68 रन बनाकर नाबाद रहे थे. पाकिस्तान अब उम्मीद कर रहा होगा कि बाबर आजम 8 साल पुरानी उसी पारी की तरह फिर से खेलें और टीम को जीत दिलाएं.