जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा का आदेश, बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें अधिकारी
जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने और जल निकासी व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश।
चंडीगढ़: हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बारिश के मौसम को देखते हुए अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने और जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सुपर सकर, जेटिंग मशीन, मोटर, पाइप सहित आवश्यक मशीनरी और संसाधन पूरी तरह तैयार रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई हो सके।
गंगवा ने बुधवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में जल निकासी, पेयजल व्यवस्था, वाटर टैंकों और विभागीय इंफ्रास्ट्रक्चर की समीक्षा की। उन्होंने हाल की बारिश में विभिन्न सर्किलों में किए गए इंतजामों की जानकारी भी ली और अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेशभर में खराब और पुराने ईंटों से बने वाटर टैंकों का सर्किल वाइज डाटा और अपग्रेडेशन के एस्टीमेट तुरंत मुख्यालय भेजने को कहा, ताकि सुधार कार्य जल्द शुरू किए जा सकें। मंत्री ने कहा कि सड़कों की तरह पीएचई विभाग भी अपनी आधारभूत संरचना की लाइफ साइकिल प्लानिंग तैयार करे।
निर्धारित लाइफ स्पैन पूरी होने से पहले मरम्मत, रखरखाव और नवीनीकरण की कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि सेवाएं प्रभावित न हों। बैठक में जल संरक्षण, रिचार्ज बोरवेल, पानी के पुनः उपयोग और आरसीसी वाटर टैंकों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने वाटर वर्क्स की नियमित सफाई और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।