जींद: पीएम मोदी का दौरा 17 जुलाई को, हरियाणा को मिलेगी हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात

17 जुलाई को जींद में पीएम मोदी की विशाल जनसभा। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना का होगा शुभारंभ। जानें रैली की पूरी तैयारी।

जींदः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे और जनसभा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. जिला प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटे हुए हैं. रैली स्थल पर मंच निर्माण, पंडाल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

रैली स्थल का अधिकारी कर रहे हैं निरीक्षणः प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार रैली स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है. वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं.

सभी मार्गों पर विशेष निगरानीः सुरक्षा के लिहाज से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं. रैली स्थल और उसके आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी. हजारों पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ आईपीएस और एचपीएस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे. आने-जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएंगे.

ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देशः प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था की भी विस्तृत योजना तैयार की है. विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं. आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं.

हरियाणा की सबसे बड़ी जनसभा बनाने की तैयारीः भाजपा नेताओं का दावा है कि यह जनसभा हरियाणा की अब तक की सबसे बड़ी सभाओं में शामिल होगी. पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान हरियाणा को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इनमें देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना का शुभारंभ प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है, जिसे भारतीय रेलवे के हरित ऊर्जा अभियान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया जा रहा है.

रैली को लेकर भाजपा में उत्साहः प्रशासन और भाजपा संगठन का कहना है कि “सभी तैयारियां निर्धारित समय के अनुसार पूरी की जा रही हैं और रैली को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है. आने वाले दो दिनों में शेष व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर पूरे आयोजन की व्यापक समीक्षा की जाएगी, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सभी कार्यक्रम सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.