दिल्ली: 20+ इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, LG ने जमीन आवंटन किया
दिल्ली में अटके 20 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स का रास्ता साफ। LG ने DDA, MCD और DMRC समेत कई विभागों को जमीन आवंटन की मंजूरी दी। पुलिस स्टेशन, मेट्रो डिपो और स्कूल बनेंगे।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को सालों से अटके पड़े कई प्रोजेक्ट्स की एक बड़ी अड़चन दूर करते हुए दिल्लीवासियों को बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 20 से ज्यादा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए DDA को जमीन आवंटन करने को स्वीकृति दे दी। जमीन नहीं मिलने की वजह से ये सभी प्रोजेक्ट्स अटक गए थे और इन पर काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। जिसके बाद अब उनके पूरे होने का रास्ता साफ हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण ये सभी परियोजनाएं अटकी हुई थीं, जिससे कि बेवजह देरी हो रही थी। लेकिन LG संधू द्वारा जमीन आवंटन करने के बाद अब इन सभी प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू होने की उम्मीद जाग गई है।
चार थाने, फॉरेंसिक लेबोरेटरी और IB ऑफिस बनाने को मंजूरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान उपराज्यपाल ने दिलकुशा बाग, सागरपुर, सागरपुर और किशनगढ़ में नए पुलिस स्टेशन, नरेला में एक फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, धीरपुर तथा ताहिरपुर में इंटेलिजेंस ब्यूरो के स्टेशन बनाने, द्वारका सेक्टर-19 और मंगलापुरी में सब-रजिस्ट्रार ऑफिस बनाने और कम्युनिटी हॉल बनाने के लिए भी जमीन आवंटित की। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए 112 और अटल कैंटीन के लिए 5 ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) जारी किए गए हैं।
DDA को 8.5 हेक्टेयर और MCD को 10 एकड़ भूमि मिलेगी
इसके अलावा उपराज्यपाल ने DDA को होलंबी कलां में ई-वेस्ट इको मैनेजमेंट पार्क के लिए 8.5 हेक्टेयर भूमि और दिल्ली नगर निगम (MCD) को गाजीपुर लैंडफिल साइट के लिए 10 एकड़ लैंड भी सौंपने की स्वीकृति दे दी। साथ ही, वेस्ट-टू-एनर्जी और बायो-मेथेनाइजेशन सुविधाओं के विस्तार के लिए 10.4 एकड़ अतिरिक्त जमीन भी आवंटित की गई है। उधर 24 फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन साइटों के लिए भी एलजी द्वारा MCD को जमीन आवंटित की गई है।
मेट्रो डिपो और कास्टिंग यार्ड बनाने के लिए DMRC को जमीन दी
अधिकारी ने आगे बताया कि LG संधू द्वारा ‘दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को सनोथ में मेट्रो डिपो के लिए 20 हेक्टेयर और नरेला में कास्टिंग यार्ड के लिए 16 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई है।’
बोरवेल लगाने के अलावा STP और SPS के लिए भी जमीन दी
उधर शहर में पानी की आपूर्ति बेहतर करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (DJB) को 151 बोरवेल लगाने के लिए जमीन दी गई है। इसके अलावा 8 जगहों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और सीवेज पंपिंग स्टेशन बनाने तथा जौंटी में एक STP और संगम विहार में एक अंडरग्राउंड टैंक के लिए भी जमीन आवंटित की गई है।
4 नए कैंपस बनाने और स्टाफ हाउसिंग के लिए भी आवंटन किया
एजुकेशन सेक्टर की ग्रोथ के लिए उपराज्यपाल ने नरेला में गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (GGSIPU) के दो नए कैंपस बनाने के लिए 22.43 एकड़ जमीन, दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी के दो नए कैंपस के लिए 12.69 एकड़ जमीन और सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के लिए 1200 वर्ग मीटर जमीन अलॉट की गई है। साथ ही ज्वालापुरी में जवाहर नवोदय विद्यालय, शालीमार बाग और करावल नगर में स्कूलों, और रोहिणी व शाहदरा में ज्यूडिशियरी के स्टाफ हाउसिंग के लिए 4.1 एकड़ जमीन दी गई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा, ‘पद संभालने के बाद से ही LG का फोकस सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर रहा है और उन्होंने विभागों से भी यही काम करने को कहा है। इस बीच उन्होंने बुधवार को सुरक्षा इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए विभिन्न विभागों के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के लिए जमीन आवंटित की।’