“नायब सैनी बनें देश के प्रधानमंत्री”, अनोखी मन्नत लेकर हरिद्वार से पैदल कांवड़ ला रहा यह मजदूर
कुरुक्षेत्र का मजदूर विलास राज हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकला है। उसकी मन्नत है कि भगवान शिव हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को देश का पीएम बनाएं।
कुरुक्षेत्र: सावन माह में हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा पर निकले हरियाणा के मजदूर विलास राज अपनी एक अनोखी मन्नत को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल, उनकी इच्छा है कि भगवान शिव हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को देश का प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद दें. विलास राज का कहना है कि, “यह पूरी तरह उनकी व्यक्तिगत आस्था और भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा है.”
दिहाड़ी छोड़कर निकले यात्रा पर: मीडिया से बातचीत के दौरान विलास राज ने बताया कि, ” मैं 21 जुलाई को हरिद्वार से अपनी दूसरी पैदल कांवड़ यात्रा पर निकला था. मैं अपने काम और दिहाड़ी को छोड़कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रधानमंत्री बनने की मन्नत मांगते हुए कांवड़ लेकर आया हूं. मुझे किसी प्रकार के राजनीतिक लाभ की इच्छा नहीं है. मेरी एकमात्र कामना हैभगवान शिव से अपनी प्रार्थना स्वीकार करवाने की है.”
छालों के बावजूद नहीं डगमगाया विश्वास: यात्रा की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए विलास राज ने कहा कि, “हरिद्वार से चंडीगढ़ तक की पैदल यात्रा आसान नहीं है. तेज धूप, गर्मी और थकान के बावजूद भगवान शिव में मेरा विश्वास मुझे आगे बढ़ने की शक्ति देता है. मैं हर कठिनाई को भोलेनाथ की परीक्षा मानकर स्वीकार करता हूं. लंबे सफर के कारण उनके पैरों में छाले पड़ गए हैं, लेकिन इससे उनके हौसले में कोई कमी नहीं आई.”
जेब में बचे सिर्फ 100 रुपये: यात्रा के दौरान विलास को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है. विलास राज ने कहा कि, “जब मैंने कांवड़ यात्रा शुरू की थी, तब मेरे पास कुछ हजार रुपये थे, लेकिन अब केवल 100 रुपये ही बचे हैं. रास्ते में कई जगह भोजन की व्यवस्था नहीं मिली, इसलिए अपने पैसों से खाना खरीदना पड़ा.”
लोगों का सहयोग बढ़ा रहा हौसला: विलास राज ने बताया कि, “रास्ते में मुझे श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है. जब लोगों को मेरी मन्नत के बारे में पता चलता है तो वे मेरी सुरक्षित यात्रा की कामना करते हैं और मेरा हौसला बढ़ाते हैं. जब तक शरीर में जान रहेगी, मैं हर साल कांवड़ यात्रा करता रहूंगा.”