नोएडा: एयर टिकट के नाम पर 10 करोड़ की ठगी, 13 साइबर ठग गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने विदेशी नागरिकों को सस्ती एयर टिकट का झांसा देकर 10 करोड़ रुपये ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। सेक्टर-63 से 13 आरोपी गिरफ्तार।

नोएडा में एयर टिकट बुकिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गिरोह सस्ती एयर टिकट बुकिंग का झांसा देकर विदेशी नागरिकों से करोड़ों रुपये की ठगी करता था. थाना सेक्टर-63 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को निशाना बनाते थे. शुरुआती जांच में करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के सबूत सामने आए हैं.

पुलिस के अनुसार आरोपी सेक्टर-63 क्षेत्र में एक फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे. यह लोग गूगल और फेसबुक जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सस्ती एयर टिकट के आकर्षक विज्ञापन डालते थे. जब विदेशी नागरिक टिकट बुक करने या यात्रा संबंधी सहायता के लिए संपर्क करते थे तो आरोपी खुद को किसी एयरलाइन कंपनी या ट्रैवल एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर उनका विश्वास जीत लेते थे.

कैसे करते थे ठगी?

जांच में पता चला है कि आरोपी यात्रियों को बेहद कम कीमत पर एयर टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देते थे. पैसा मिलने के आरोपी टिकट नहीं भेजते थे. इसके बाद आरोपी अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी बंद कर देते थे ताकि पीड़ित उनसे संपर्क न कर सकें. साइबर ठग वीओआईपी (वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) तकनीक का इस्तेमाल करते थे. इस तकनीक के जरिए कॉल इस तरह दिखाई जाती थी मानो वह किसी स्थानीय या अधिकृत नंबर से की जा रही हो. इससे लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे.

10 करोड़ रुपए की ठगी का खुलासा

नोएडा सेंट्रल जोन के डीसीपी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार मोबाइल नंबर, सिम कार्ड और तकनीकी सिस्टम बदलने की रणनीति अपनाई थी. पुलिस को बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच में करीब 10.50 लाख अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 10 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन के सबूत मिले हैं. साथ ही बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों का डेटा भी बरामद किया गया है.

16 मोबाइल फोन, 13 लैपटॉप बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लैपटॉप, 16 मोबाइल फोन, एक राउटर, 10 हेडसेट, विदेशी नागरिकों का डेटा और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूत बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में रवि खुराना, साहेब चौहान, प्रत्यक्ष शर्मा, देव अग्रवाल, दिलीप पांडे, दीपक कुमार, शुभम चौधरी, आरती और स्वाति समेत अन्य लोग शामिल हैं.पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.