नोएडा: सेक्टर-62 में फार्मेसी का शटर काट उड़ाए ₹67 हजार, CCTV में कैद चोर

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित टॉट मॉल की सोल फार्मेसी में गैस कटर से शटर और तिजोरी काटकर 67,200 रुपये की चोरी। हेलमेट पहने चोर सीसीटीवी में कैद। पुलिस जांच शुरू।

नोएडा । बदमाश गैस कटर से शटर काटकर सेक्टर-62 स्थित फार्मेसी की दुकान में रविवार रात घुस गए। उन्होंने गैस कटर की मदद से ही तिजोरी को काटकर उसमें रखी नगदी चोरी कर ली। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फार्मेसी के प्रबंध निदेशक ने सेक्टर-58 थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। सेक्टर-48 में रहने वाले दिव्याकन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह सोल फार्मेसी कंपनी में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनके द्वारा क्षेत्र में 10 दुकानों का संचालन किया जाता है। 24 मई की रात करीब ढाई बजे दो बदमाश चेहरे पर मास्क और सिर पर हेलमेट लगाकर सेक्टर-62 में टॉट मॉल स्थित दुकान पर आए।

उन्होंने दुकान के शटर को गैस कटर से काटा और अंदर घुस गए। उसके बाद आरोपियों ने दुकान के अंदर रखी तिजोरी को भी गैस कटर से काटा। उसके अंदर रखे 67,200 रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पीड़ित के अनुसार, पिछले वर्ष दिसंबर में भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.