भिवानी: नवोदय विद्यालय के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल
भिवानी के देवराला नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र की फंदे से लटककर मौत। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव सौंपा।
भिवानी। जवाहर नवोदय विद्यालय, देवराला में शनिवार देर रात 10वीं कक्षा के एक छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। छात्र के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में फिलहाल कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया लेकिन पुलिस को लिखित में नहीं देने से इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
विद्यालय के उप प्राचार्य प्रवीण गुप्ता ने बताया कि 11 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे चौकीदार और कुछ छात्रों ने उन्हें सूचना दी कि एक छात्र फंदे से लटका है। वे मौके पर पहुंचे तो छात्रों ने बताया कि वे करीब एक बजे तक जाग रहे थे। उस समय दीपांशु सो रहा था। करीब आधे घंटे बाद एक छात्र ने दीपांशु को सीढि़यों की रेलिंग से बंधे फंदे से लटका देखा। इसके बाद डायल 112 और कैरू पुलिस चौकी को सूचना दी गई और दीपांशु के घर फोन कर परिजनों को बुलाया गया। कैरू पुलिस चौकी के जांच अधिकारी धर्मदेव ने बताया कि दीपांशु के पिता मंजीत के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मां बोलीं- 10 जुलाई को की थी बात, परेशानी का जिक्र नहीं किया
मां रीना ने बताया कि दीपांशु जून में गर्मी की छुट्टियों के दौरान घर आया था और 30 जून को वापस स्कूल चला गया। वह छठी कक्षा से ही इसी विद्यालय में पढ़ रहा था। 10 जुलाई को भी उससे फोन पर बात हुई थी। तब उसने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। रीना ने कहा कि बेटा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। हो सकता है किसी ने उसके साथ कुछ गलत किया हो। उसके हाथ और गले पर निशान हैं।