भिवानी: मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन 17 जुलाई को, जानें क्या है खास
17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन। आयोजन में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर पर्यावरण संरक्षण का देंगे संदेश।
भिवानी। मेडिकल कॉलेज उद्घाटन समारोह में प्रदूषण नियंत्रण का संदेश देने के लिए लोग इलेक्ट्रिक वाहनों या पैदल पहुंचेंगे। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने रविवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली 100 प्रतिशत प्रदूषण रहित हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से भिवानी के नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नारनौल के निकट गांव कोरियावास स्थित मेडिकल कॉलेज का भी उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि किसी भी संस्थान में पहले आधारभूत ढांचा तैयार किया जाता है उसके बाद संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं और आवश्यकता के अनुसार स्टाफ की नियुक्ति होती है। उन्होंने कहा कि पहले देश में केवल 12 प्रतिशत डॉक्टर ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पढ़कर निकलते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के तहत प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों में अत्याधुनिक जांच मशीनें स्थापित की जा रही हैं। एक समय हरियाणा में केवल रोहतक में मेडिकल कॉलेज था जो बाद में पीजीआई बना।