भिवानी: स्कूली बच्चों के लिए सांस्कृतिक उत्सव, 14 जुलाई से खंड स्तरीय शुरुआत
हरियाणा शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली बच्चों के लिए सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन। 14 से 25 जुलाई तक होंगे खंड स्तरीय मुकाबले। पढ़ें प्रतियोगिता की तिथियाँ और नियम।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय बच्चों को राज्य की समृद्ध कला और संस्कृति से परिचित कराने के लिए सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन कर रहा है। इस उत्सव का उद्देश्य बच्चों की कलात्मक प्रतिभाओं को निखारना है। विभाग ने उत्सव के लिए दो समूह बनाए हैं। खंड स्तर पर यह उत्सव 14 जुलाई से 25 जुलाई तक चलेगा।
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक उत्सव दो समूहों में होगा। पहला समूह कक्षा 5 से 8 के विद्यार्थियों के लिए है। दूसरा समूह कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए बनाया गया है। दोनों समूहों में हरियाणवी एकल लोकनृत्य, समूह लोक नृत्य, नाटक और रागनी प्रतियोगिताएं होंगी। स्किट को छोड़कर सभी प्रतियोगिताएं लाइव गीत संगीत पर आधारित होंगी। किसी भी प्रकार की रिकॉर्डिंग के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 12 मई से 22 मई तक आयोजित की गई थीं। अब खंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 14 से 25 जुलाई के बीच होंगी।