भिवानी: हांसी रोड पर नगर परिषद का बुलडोजर, अतिक्रमण कर बनाया चबूतरा टूटा
भिवानी में नगर परिषद का बड़ा एक्शन! हांसी रोड पर फुटपाथ से अवैध टेंट और पक्के चबूतरों को जेसीबी से ढहाया गया। शहर को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान जारी।
भिवानी। नगर परिषद की टीम ने वीरवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हांसी रोड की फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। इस दौरान फुटपाथ पर काबिज होकर फल बेचने वालों के टेंट जेसीबी से उखाड़ डाले वहीं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के आगे पक्के चबूतरों को भी जेसीबी ने तोड़ डाला। इस दौरान कुछ दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए।
नगर परिषद द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत वीरवार शाम साढ़े तीन बजे नगर परिषद के पटवारी संदीप की अगुवाई में नप का दस्ता हांसी गेट चौक के समीप पहुंचा। जहां शिव मंदिर के आगे फुटपाथ पर फल विक्रेताओं के टेंट को उखाड़ फेंका। इसके बाद आभूषण व्यापारी के शोरूम के आगे फुटपाथ पर चबूतरा बनाकर गमले रखे जाने की जगह को जेसीबी ने तोड़ डाला।
नगर परिषद के अतिक्रमण हटाने पहुंचे दस्ते की अगुवाई कर रहे कनिष्ठ अभियंता आबिद ने बताया कि शहर में किसी भी तरह का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। नगर परिषद के पटवारी संदीप ने बताया कि लोगों से भी अपील की जा रही है कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और फुटपाथ को पूरी तरह से खाली रखें।