भिवानी: ₹31 करोड़ की सौगात, CM सैनी ने किया सिविल एयरोड्रम का उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी एयरोड्रम पर ₹31 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। हिसार एयरपोर्ट से नई उड़ानें और हरियाणा के एविएशन हब बनने की पूरी खबर।
भिवानी। विमान सेवाओं के क्षेत्र में हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है तथा विमान मानचित्र पर ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी के गुजरानी हवाई पट्टी पर 31 करोड़ रुपये की लागत से चौ. बंसीलाल सिविल एयरोड्रम पर नवनिर्मित हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी भवन), सुरक्षा चौकी व कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट से अब चंडीगढ़ और जयपुर के अलावा जम्मू, अहमदाबाद व दिल्ली के लिए भी जल्द सेवाएं शुरू होंगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़, जयपुर व अयोध्या के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की थी। अब इसका विस्तार करते हुए हिसार एयरपोर्ट से जम्मू, अहमदाबाद तथा दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिसार एयरपोर्ट के विकास के लिए पैसेंजर टर्मिनल व कार्गो टर्मिनल का कार्य तेजी से शुरू किया गया है और इसे 2027 तक पूरा कर एक विकसित हवाई अड्डे के रूप में तैयार किया जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भारत में बनकर तैयार होने वाले शत्रुजीत हेलीकॉप्टर की सीट पर बैठकर उसका निरीक्षण भी किया। कर्नल रामपाल सुहाग ने बताया कि इन विमानों की असेंबलिंग व कुछ कलपुर्जों का निर्माण अब भारत में ही होगा। एयरफोर्स, आईटीबीपी सहित विभिन्न सेनाओं ने लगभग 1400 इन हेलीकॉप्टरों की मांग की है। इस दौरान सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ व विधायक कपूर वाल्मीकि मौजूद रहे।