भिवानी: देश का पहला जायरोकॉप्टर प्लांट, CM सैनी ने ₹31 करोड़ की सौगात दी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भिवानी एरोड्रम पर ₹31 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। हरियाणा में अब बनेंगे अत्याधुनिक जायरोकॉप्टर,
भिवानी। आधुनिक और लग्जरी श्रेणी के ढाई करोड़ रुपये की लागत वाले दो सीटर जायरोकॉप्टर ‘शत्रुजीत’ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठकर उसे देखा तथा उसकी तकनीक व सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली। गुजरानी हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री करीब दो बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचे और लगभग एक घंटे कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में देश का पहला जायरोकॉप्टर असेंबली एवं मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित होने जा रहा है जो प्रदेश को एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करती है।
गुरुग्राम स्थित जाइरोक्स एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पोलैंड की विमानन कंपनी के सहयोग से इस संयंत्र में जायरोकॉप्टरों का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ और बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि उपस्थित रहे। नागरिक उड्डयन विभाग हरियाणा के महानिदेशक अंशज सिंह ने एरोड्रम पर विकसित नागरिक उड्डयन सुविधाओं की जानकारी दी।
31 करोड़ की उड्डयन सुविधाओं से एरोड्रम को नई पहचान
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी की वीर भूमि पर आकर उन्हें विशेष उत्साह और गौरव का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवनों का उद्घाटन नहीं बल्कि हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। 31 करोड़ की उड्डयन सुविधाओं से भिवानी के एरोड्रम को नई पहचान मिलेगी।
डायलिसिस योजना पर मुख्यमंत्री का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पायलट और चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए काम कर रही है। हरियाणा के 17 जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 217 संकल्पों में से 63 पूरे किए जा चुके हैं। सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर हो रही है तथा किडनी मरीजों के लिए निशुल्क डायलिसिस सुविधा से लगभग 2 लाख मरीज लाभान्वित हुए हैं।
पूर्व कृषि मंत्री ने रखी विकास कार्यों की मांग
लोहारू विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों के लिए मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने, नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने और फसल बीमा मुआवजे की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन शंकर धुपड़, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दिप्ती धर्माणी, भाजपा जिला प्रभारी रेणू डाबला, हरियाणा महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना प्रमार, भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संदीप श्योराण, उपायुक्त साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, उड्डयन विभाग के अतिरिक्त निदेशक मनीष कुमार लोहान, एरोड्रम अधिकारी दीपक भारद्वाज सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।