भोजपुर: FB पर पुलिस को चुनौती देने वाला अपराधी एनकाउंटर में गिरफ्तार

बिहार के भोजपुर में पुलिस पर फायरिंग करने और फेसबुक लाइव पर चुनौती देने वाले अपराधी भरत तिवारी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पैरों में गोली मारी।

बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में बुधवार को घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने आरोपी भरत तिवारी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले पुलिस टीम पर फायरिंग की और फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव आकर लगातार पुलिस और प्रशासन को चुनौती देता रहा. आखिरकार पुलिस कार्रवाई में उसके दोनों पैरों की जांघों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया.

मामले की शुरुआत तब हुई जब बिलौटी गांव निवासी काशी तिवारी के पुत्र भरत तिवारी उर्फ भारत की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई. इस तस्वीर में वह कथित रूप से अवैध पिस्टल के साथ दिखाई दे रहा था. किसी ग्रामीण ने इसकी शिकायत भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से की, जिसके बाद शाहपुर थाना पुलिस को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

धमकी की वजह से पुलिस को लौटना पड़ा था वापस

मंगलवार को शाहपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ भरत तिवारी के घर पहुंचे थे. पुलिस ने उसे समझाने और हथियार जब्त करने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस के सामने हथियार लेकर बैठा रहा और लगातार बहस करता रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने पुलिसकर्मियों को धमकी भी दी और कहा कि सामने से हट जाओ, नहीं तो गोली मार देंगे. करीब 20 मिनट तक पुलिस उसे शांत करने की कोशिश करती रही. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने संयम बरता और बिना किसी बल प्रयोग के वहां से लौट गई.

दोबारा पुलिस पहुंची, आरोपी का एनकाउंटर

बुधवार सुबह मामला फिर गरमा गया जब भरत तिवारी फेसबुक लाइव पर आया. उसने एफबी लाइव के दौरान पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग भी की. पुलिस के दबाव के बीच भरत तिवारी अपने घर से निकलकर खेतों की ओर चला गया. वहां भी वह लगातार पुलिस को चुनौती देता रहा. अधिकारियों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी. बताया जाता है कि फेसबुक लाइव के दौरान उसने एक बार फिर हथियार लहराया और बाद में अपनी पिस्टल पुलिस की ओर फेंक दी.

मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों की जांघों में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.