मुजफ्फरपुर: बेटी की शादी के लिए ₹5 लाख और हाथ मांगा, मना किया तो घर पर की फायरिंग
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में दबंगई: हिस्ट्रीशीटर जयप्रकाश तिवारी ने महिला पर बेटी की शादी का दबाव बनाया। इंकार करने पर घर के बाहर की 5 राउंड फायरिंग और भाई को पीटा।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दबंगई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर ने एक महिला पर 5 लाख लेकर उसकी बेटी की शादी करने का दबाव बनाया. महिला द्वारा प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपी ने न सिर्फ घर के बाहर फायरिंग की, बल्कि परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी. घटना जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के बंगरा निजामत गांव की है.
पीड़िता के अनुसार, 15 अप्रैल को पहाड़पुर मनोरथ निवासी जयप्रकाश तिवारी ने फोन कर 5 लाख रुपये देने और उसकी बेटी की शादी उससे कराने का प्रस्ताव रखा था. महिला ने इसे सख्ती से खारिज कर दिया. इसके अगले ही दिन 16 अप्रैल को आरोपी अपने तीन-चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से उसके घर पहुंचा और जबरन बेटी को उठाने की कोशिश की. शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले.
घर से सामने की फायरिंग
मामला यहीं नहीं थमा. पीड़िता का आरोप है कि 18 अप्रैल को आरोपी फिर से घर के सामने पहुंचा और दहशत फैलाने के उद्देश्य से पिस्तौल से करीब पांच राउंड फायरिंग की. इस दौरान जब महिला ने अपने भाइयों को मदद के लिए बुलाया तो आरोपी ने एक भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सीने की हड्डी टूट गई. घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है.
पुलिस कर रही जांच
डरी-सहमी महिला ने साहेबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में सरैया एसडीपीओ गरिमा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा है.