मोतीनगर में सिलेंडर फटने से एक की मौत, स्वरूप नगर में फैक्ट्री आग के दौरान इमारत से कूदे लोग

दिल्ली के मोतीनगर में एलपीजी सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत। स्वरूप नगर में फैक्ट्री में आग लगने से छह लोग घायल।

दिल्ली में दर्दनाक हादसा हो गया है। मोतीनगर इलाके में आग लगने के बाद एलपीजी सिलेंडर फटने के बाद एक शख्स की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह तीन बजे के करीब की बताई जा रही है। आग दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। इसके बाग घर में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हुआ जिसमें शख्स की मौत हो गई।

अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि घटना तड़के करीब तीन बजे तिलक नगर में हुई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, दो मंजिला मकान के ग्राउंडफ्लोर पर आग लगी थी। आग के दौरान सिलेंडर फट गया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर दमकल की तीन गाड़ियां भेजी गईं।

इमारत से कूदे कई लोग

इससे पहले उत्तर पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक गोदाम-सह-कारखाने में आग लगने के बाद उसकी बगल में स्थित इमारत से दहशत में आकर कूद जाने से महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जूडो की पोशाक और बॉक्सिंग दस्ताने बनाने वाली फैक्टरी के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर आग लगी थी।

पुलिस ने बताया कि आग लगने के समय परिसर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हालांकि, फैक्टरी से सटी इमारत में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग इमारत से कूद गए और घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा को आग लगने की सूचना पूर्वाह्न 11 बजकर पांच मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और अब आग पूरी तरह से बुझा दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.