रेवाड़ी: बाजार में महिला को सम्मोहित कर सोने के कुंडल ठगे, केस दर्ज

रेवाड़ी में पूर्व सैनिक की पत्नी के साथ ठगी। बदमाशों ने महिला को सम्मोहित कर कान से कुंडल उतरवाए और फरार हो गए। CCTV में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच जारी।

रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले से एक ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बाजार में खरीदारी करने आई एक पूर्व सैनिक की पत्नी को बदमाशों ने पहले सम्मोहित किया और फिर उसके कान से कुंडल उत्तरवाकर फरार हो गए। सारी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार जिले के गांव गिंदोखर निवासी पूर्व सैनिक की पत्नी कुसुमलता ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह दांत में दर्द से परेशान थी। वह दवा लेने के लिए शहर आई थी। दवा लेने के बाद उसने अपनी स्कूटी अस्पताल के बाहर खड़ी कर दी और बाजार में खरीदारी करने चली गई।

बाद में जब वह वापस आई तो एक युवक ने स्वयं को बेरोजगार बताकर उससे धारूहेड़ा जाने के लिए किराया देने की मदद मांगी। उसने उसे किराया दे दिया। किराया लेने के बाद भी युवक उसके साथ चलता रहा तो उसने उसे 500 रुपए और दे दिए। इसके बाद भी वह उसके साथ-साथ चलता रहा। इस बीच बदमाश का साथी भी आ गया।

कुसुमलता ने कहा कि बिना चहल-पहल वाली जगह पर एक युवक ने रुमाल घुमाया और सम्मोहित कर उसके कान से सोने के कुंडल उतरवा लिए। कुंडल लेकर वे फरार हो गए और उसके थैले में 10 रुपए का नोट डाल गए। चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने कहा कि केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.