रेवाड़ी में पति ने पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटा, 27 सेकेंड का वीडियो वायरल

रेवाड़ी के बावल में पति द्वारा पत्नी को सड़क पर घसीटकर पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। घटना के बाद पति ने भी थाने में शिकायत दी। पुलिस जांच में जुटी।

रेवाड़ी : हरियाणा के रेवाड़ी जिले के बावल थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी की चोटी पकड़कर उसे घर से सड़क तक घसीटा और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। इस दौरान महिला बचाव के लिए लगातार ‘मम्मी-मम्मी’ चिल्लाती रही।

घटना का करीब 27 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पति महिला के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपी पति सड़क पर महिला को गिराकर पीट रहा है। वह महिला के बाल पकड़कर उसे खींचता है और उसका हाथ मरोड़ता दिखाई देता है।

महिला खुद को बचाने के लिए गुहार लगाती रहती है। कुछ देर बाद उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को पति के चंगुल से छुड़ाया। वहीं, घटना के बाद पति अस्पताल पहुंचा और आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की तथा लाठी से हमला किया।

इसके बाद वह ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हो गया और उसकी मेडिको-लीगल रिपोर्ट (MLR) भी कराई गई। पति ने 19 जुलाई को बावल थाने में पत्नी के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि पत्नी समय पर खाना नहीं देती और बात-बात पर झगड़ा करती है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से पत्नी उसके साथ मारपीट कर रही है और उसे जान का खतरा बना हुआ है।

दूसरी ओर, पत्नी ने पति के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उसका पति कोई काम-धंधा नहीं करता और अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता है। महिला के अनुसार, वह खुद एक निजी कंपनी में नौकरी करती है और घर का खर्च तथा तीन बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी वही उठाती है।

इसके बावजूद पति उसके साथ आए दिन मारपीट करता है। महिला ने घटना का वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में मारपीट के दौरान वह कई बार मदद के लिए पुकारती नजर आती है। कुछ ही देर बाद एक व्यक्ति और महिला मौके पर पहुंचते हैं और बीच-बचाव करते दिखाई देते हैं।

मामले में बावल थाना प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पत्नी से पूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों समेत मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.