रोहतक: 4 बीघा जमीन के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या, 8 पर FIR

रोहतक के मोखरा गांव में 4 बीघा जमीन की रंजिश में किसान ओमबीर की हत्या। बेटे की शिकायत पर युवती समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज। जानें क्या है पूरा विवाद।

रोहतक: चार बीघा जमीन को लेकर चल रही रंजिश में शुक्रवार रात महम चौबीसी के गांव मोखरा में किसान ओमबीर उर्फ ओमला (48) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव रात सवा 11 बजे गोगापीर मंदिर के गेट के सामने गली में पड़ा मिला।

किसान के बेटे विजय उर्फ सोनू के बयान पर बहुअकबरपुर थाने में युवती सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में गांव में शव का अंतिम संस्कार किया। मोखरा खेड़ी निवासी विजय उर्फ सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं। उनके पिता ओमबीर पांच भाई हैं।जयबीर, ऋषिनाथ और मनोज उनके पिता से छोटे हैं। उनके चाचा जयबीर ने गांव निवासी फूल सिंह की पत्नी बिमलेश को चार बीघा जमीन बेची थी।

इसी को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा चल रहा है। अप्रैल में गेहूं की कटाई को भी लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। सोनू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे गांव के मोनू और सूरज ने बताया कि उनके पिता लहूलुहान हालत में गोगापीर मंदिर के सामने गली में पड़े हुए हैं।

मौके पर पहुंचा तो पिता के सिर से खून बह रहा था और वे दम तोड़ चुके थे। इस पर उनके साथी साहिल ने पुलिस को सूचना दी। विजय का आरोप है कि फूल सिंह, उनकी पत्नी बिमलेश, बेटे अजय व ललित, बेटी रिंपी, फूल सिंह के भाई माडू, माडू के बेटे मोनू व छोटू ने मिलकर रॉड और लाठी मारकर उसके पिता की हत्या की है। शनिवार को पीजीआई से शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शाम को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.