लोनी मर्डर केस: डेयरी संचालक का शव 12 दिन बाद भी लापता, सर्च जारी
लोनी में डेयरी संचालक की हत्या के बाद शव गंगनहर में फेंका गया था। 12 दिन बीतने के बाद भी शव का सुराग नहीं। आरोपियों को 6 दिन की रिमांड पर लिया गया।
लोनी । लोनी थाना क्षेत्र में डेयरी संचालक की हत्या कर गंगनहर में फेंके गये शव का 12 वें दिन भी सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस की तीन टीम रिमांड पर लाए गए दो मुख्य हत्यारोपियों से पूछताछ में जुटी है। हत्यारोपियों को छह दिन के लिए रिमांड पर लिया गया है। लोनी थाना क्षेत्र के गनौली गांव में रहने वाले 45 वर्षीय ओंकार उर्फ ओमन को 30 मई में खड़खड़ी अंडरपास में कार सवार बदमाशों ने गोलियां मारकर अगवा कर लिया था। डेयरी संचालक के भाई सुरेंद्र ने गांव में रहने वाले मोहित, गौरव, सौरभ, गोपाल और उसके फुफेरे भाई के खिलाफ गोलियां मारकर अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले में पुलिस दो मुख्य हत्यारोपियों मोहित व गौरव निवासी गनौली समेत 29 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। हत्यारोपियों ने पुलिस को डेयरी संचालक की हत्या कर मेरठ में पूठ गंग नहर में शव फेंकना बताया था। जिसके बाद से पुलिस डेयरी संचालक के शव की तलाश में गंगनहर में सर्च अभियान चला रही है।पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि बुधवार को डेयरी संचालक के दो मुख्य हत्यारोपियों को रिमांड पर लाया गया है। पुलिस की तीन टीम आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। हत्यारोपियों को उनके द्वारा बताए गए शव फेंकने वाले स्थान पर ले जाया गया। दोनों हत्यारोपी पुलिस के समक्ष पुराने बयान दोहरा रहे है। उन्होंने बताया कि बुधवार को मेरठ से नोएडा बॉर्डर एनटीपीसी तक सर्च अभियान चलाकर तलाश कराई गई।