लोहारू: स्वर्ण जयंती पार्क में निर्माण कार्य में धांधली का आरोप, पार्षदों ने रुकवाया काम

लोहारू के स्वर्ण जयंती पार्क में दिव्यांगों के लिए ₹15.98 लाख के विकास कार्यों में गुणवत्ता की कमी। पार्षदों ने काम रुकवाकर जांच की मांग की। सचिव ने सोमवार को दी जांच की बात।

लोहारू। कस्बे के स्वर्ण जयंती पार्क में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए करीब 15.98 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों में अनियमितताओं और गुणवत्ता में कमी के आरोप लगाते हुए पार्षदों ने शनिवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस संबंध में नगरपालिका सचिव को भी सूचना दी गई है।

जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में स्वर्ण जयंती पार्क में दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक जिम उपकरण, विशेष शौचालय एवं बाथरूम, रैंप, व्हीलचेयर सुविधा, घूमने-फिरने के लिए ट्रैक सहित विभिन्न सुविधाओं के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया था। हालांकि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता संबंधी कई खामियां सामने आने पर पार्षदों ने नाराजगी जताई।

पार्षदों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगाई जा रही टाइलें फिसलनयुक्त हैं, सीमेंट का उचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर लेवलिंग और फिनिशिंग का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है तथा अन्य तकनीकी खामियां भी देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि कार्य इसी प्रकार जारी रहा तो भविष्य में दिव्यांगजनों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मौके पर पहुंचे पार्षद अंतर सिंह, रवि केडिया, पार्षद प्रतिनिधि अश्वनी सैनी, राजेश सैनी, महेश गांधी, अजय शर्मा, अशोक सैनी सहित अनेक पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया और कार्य को रुकवा दिया। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण कार्य करवाया जाए।

पार्षदों ने बताया कि जब भी इस संबंध में नगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है तो उनका फोन नहीं उठाया जाता। यदि फोन उठता भी है तो वे अलग-अलग प्रकार के बहाने बनाकर मामले को टालने का प्रयास करते हैं।

पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी कमियों को दूर नहीं किया गया और जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी संबंधित विभागों के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराते रहेंगे।

स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने की मांग
पार्षदों ने शहर में व्याप्त बिजली संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं है तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में भी देरी हो रही है। पार्षदों ने मांग की कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा स्ट्रीट लाइटों की समय पर मरम्मत और रखरखाव के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

सोमवार को मौके पर जांच करवाई जाएगी : सचिव
नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर ने बताया कि पार्षदों का उनके पास फोन आया था और उन्होंने निर्माण कार्य में खामियों की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि पार्षदों से कहा गया कि यदि उन्हें कार्य की गुणवत्ता पर संदेह है तो फिलहाल काम बंद करवा दिया जाए। सोमवार को मौके पर जांच करवाई जाएगी और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाया जाएगा। सचिव ने यह भी बताया कि जेई संभवतः किसी निजी कार्य से बाहर गए हुए थे इसलिए हो सकता है कि वे फोन नहीं उठा पाए हो।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.