सहारनपुर: मशहूर रेस्टोरेंट संचालक की फूड लिफ्ट की चपेट में आकर मौत

सहारनपुर के कोर्ट रोड स्थित खातिरदारी रेस्टोरेंट में दर्दनाक हादसा। फूड लिफ्ट की चपेट में आने से संचालक हर्ष खुराना की मौत। पुलिस जांच में जुटी।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित कोर्ट रोड पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में मशहूर खातिरदारी रेस्टोरेंट के संचालक हर्ष खुराना (55) की मौत हो गई. हादसा रेस्टोरेंट में भोजन ऊपर-नीचे पहुंचाने वाली फूड लिफ्ट में हुआ. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है. घटना से इलाके में गम का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, देर रात रेस्टोरेंट में फूड लिफ्ट के जरिए ऊपर से नीचे खाना पहुंचाया जा रहा था. उसी दौरान हर्ष खुराना नीचे खड़े होकर लिफ्ट की ओर देख रहे थे. तभी अचानक फूड लिफ्ट नीचे आ गई और उनकी गर्दन उसकी चपेट में आ गई. गंभीर रूप से घायल हर्ष खुराना को कर्मचारियों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के दौरान रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया था.

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से. घटना से इलाके में दुख का माहौल है. हर्ष खुराना की आकस्मिक मौत से उनके परिजन पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. उनकी रो-रोकर बुरा हाल है. हर कोई इस घटना को लेकर सदमे में है.

सुरक्षा मानकों पर उठ रहे सवाल

हाल ही में लखनऊ में हुए हादसे के बाद प्रदेशभर में रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान चल रहा है. ऐसे में सहारनपुर के वीआईपी इलाके में हुआ यह हादसा सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.