सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल: 16वां दिन, जंतर-मंतर पर पुलिस से नोकझोंक
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का 16वां दिन। धूप से बचाने के लिए टेंट को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में हुई बहस।
कॉकरोच जनता पार्टी (काजपा) के बैनर तले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर शिक्षाविद एवं पर्यावरणविद सोनम वांगचुक का जंतर-मंतर पर आज अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 16वां दिन। एक तरफ जहां वांगचुक की सेहत और बिगड़ती जा रही और वजन कम होता जा रहा है दूसरी तरफ काजपा के फाउंडर अभिजीत दीपके उन्हें किसी तरह की तकलीफ न हो इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। दीपके ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है।
अभिजीत दीपके एकबार फिर एक पुलिस अधिकारी के सामने हाथ जोड़ते नजर आए हैं। वजह थी सोनम वांगचुक को धूप से बचाना। वांगचुक को धूप न लगे इसके लिए स्टेज को तिरपाल से ढका गया। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी ने इसपर आपत्ति जताई और कहा कि स्टेज पर धूप कहां आ रही है?
वांगचुक को धूप से बचाने की जद्दोजहद
दीपके इस दौरान पुलिस अधिकारी से कहते हैं ‘हाथ जोड़ रहा हूं सर। उस इंसान (वांगचुक) को धूप लग रही है मुश्किल में है वो क्यों इतनी दिक्कतें खड़ी कर रहे हो? आपको दिख नहीं रहा कि धूप आ रही है। क्यों जीना हराम कर रखा है।’
दीपके बोले – वो मर जाएंगे तब तसल्ली मिलेगी?
इस दौरान पुलिस अधिकारी ने दीपके से कहा कि वे तिरपाल हटाकर दिखाएं कि धूप कहां पर आ रही है। इसपर दीपके और भड़क गए और कहा ‘हटा कर दिखाओ मतलब आपको दिख नहीं रहा। उनको धूप लग रही है सर हाथ जोड़ रहा हूं। वो मर जाएंगे तब आपको तसल्ली मिलेगी? उनको धूप लग रही है तभी तो लगाया न इससे पहले इतने दिन लगाया था क्या हमने? जब धूप नहीं थी तो हमने नहीं लगाया था।’
तीन दिन पहले भी जोड़े थे हाथ
यह पहला मौका नहीं है जब दीपके ने पुलिस के आगे हाथ जोड़े बल्कि वे कई बार ऐसा कर चुके हैं। इससे पहले भी दीपके ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया था जिसमें वे हाथ के साथ-साथ पुलिस के पैर पकड़ते हुए तक नजर आए थे। तब दीपके तब अपनी टीम के लिए टेंट लगाने की अनुमति मांगने के लिए पुलिस के आगे गिड़गिड़ाए थे। उनका कहना था कि रात भर बारिश होती रही और भूख हड़ताल पर बैठे लोग सो नहीं सके और उनका सामान तक भीग गया।
20 जुलाई को संसद तक मार्च
आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के कारण आत्महत्या करने वाले स्टूडेंट्स के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपये के मुआवजे की भी मांग कर रही है। काजपा 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने का भी एलान कर चुकी है।