सोनीपत: यूनिवर्सिटी प्रोफेसर पर महिला सहकर्मी के उत्पीड़न का आरोप; मांग रहा था ‘हग’

सोनीपत की राई स्थित यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर पर महिला सहकर्मी को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप। कुलपति ने जांच कमेटी गठित की; आरोपी ने चैट में की 'हग' की डिमांड।

सोनीपत: राई स्थित एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में अनुशासन और मर्यादा को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर अपनी ही महिला सहकर्मी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और वॉट्सएप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने के गंभीर आरोप लगे हैं।

पीड़ित महिला कर्मचारी ने कुलपति (VC) को दी गई अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उत्पीड़न का यह सिलसिला दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था। आरोप है कि असिस्टेंट प्रोफेसर देर रात तक पीड़िता को आपत्तिजनक मैसेज भेजता था और अश्लील भाषा का इस्तेमाल करता था। हद तो तब हो गई जब प्रोफेसर ने चैट में महिला कर्मी से ‘हग’ (गले लगाने) की डिमांड तक कर डाली।

महिला ने केवल आरोप ही नहीं लगाए, बल्कि अपनी शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में उन चैट्स के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं। पीड़िता के अनुसार, जनवरी 2026 में भी प्रोफेसर ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की। महिला ने दूरी बनाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी प्रोफेसर अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार मैसेज भेजता रहा।

यूनिवर्सिटी प्रशासन की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति ने तुरंत एक जांच कमेटी गठित कर दी है। कुलपति ने पुष्टि की है कि शिकायत शुक्रवार को प्राप्त हुई थी और इसकी गहनता से जांच की जा रही है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.