हरियाणा: ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 31 मई तक बढ़ी, मंत्रियों का होगा घेराव

हरियाणा में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर हड़ताल 31 मई तक बढ़ाई। नरवाना से कुरुक्षेत्र तक पदयात्रा और मंत्रियों के आवास घेराव की चेतावनी। जानें मुख्य मांगें।

लोहारू। सरकार से मांगों पर पक्का आश्वासन नहीं मिलने के कारण ग्रामीण सफाई कर्मचारी मंगलवार से एक बार फिर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी लोहारू कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। राज्य कार्यकारिणी के निर्णय के अनुसार हड़ताल को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। कर्मचारियों ने साफ किया कि आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा और इसे हड़ताल, पदयात्रा तथा मंत्रियों के आवासों के घेराव के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के सचिव अनिल बरालू ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी ने हड़ताल को 31 मई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। निर्णयानुसार सभी कर्मचारी अपने-अपने ब्लॉकों और जिलों में रविवार को छोड़कर बाकी दिनों में आंदोलन जारी रखेंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के खंड लोहारू प्रधान डॉ. सुरेश भारद्वाज ने बताया कि 26 मई से नरवाना से कुरुक्षेत्र तक पदयात्रा शुरू की गई है जो तीन जून तक मुख्यमंत्री सिटी कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 29, 30 और 31 मई को पूरे हरियाणा में जिला स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इस दौरान मंत्रियों के आवासों का घेराव भी किया जाएगा।

कर्मचारियों ने कहा कि महापड़ाव भले ही स्थगित कर दिया गया हो लेकिन आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से मांगों को जल्द स्वीकार करने की मांग की। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों को पक्का करना, एक्सग्रेशिया नीति लागू करना, रिक्त पदों पर भर्ती करना तथा हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार 10 वर्ष पूरे कर चुके कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना शामिल है। धरना स्थल पर हरपाल प्रधान, परमेंद्र कोषाध्यक्ष, मनोज कुड़ल, ईश्वर सिंह खरखड़ी, सन्नी कुमार पहाड़ी, हवा सिंह झांझड़ा और रामकुमार पहाड़ी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.