हरियाणा में फिर लौटेगा मानसून: 27 जुलाई से भारी बारिश का अनुमान
हरियाणा में अगले तीन दिनों के बाद मानसून फिर सक्रिय होगा। 27 जुलाई से कई जिलों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अपडेट।
चंडीगढ़: हरियाणा में अगले तीन दिनों के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है. IMD के अनुसार 27 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, हालांकि फिलहाल किसी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
25 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज: मौसम विभाग का कहना है कि 25 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होगा. इस दौरान उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा के जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. 27 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में जलभराव और निचले क्षेत्रों में पानी भरने जैसी स्थिति भी बन सकती है.
मानसून ट्रफ और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इसी सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी हरियाणा की ओर पहुंच रही है. इसके प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
आज और कल इन जिलों में अलर्ट: 24 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं जबकि उत्तर-पूर्वी जिलों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं 25 जुलाई के लिए पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है.
अब भी सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश: मानसून सीजन की शुरुआत यानी 1 जून से अब तक हरियाणा में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है. प्रदेश में अब तक करीब 176 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि इस अवधि में लगभग 231 मिमी वर्षा सामान्य मानी जाती है. इस तरह राज्य में अब भी करीब 24 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में होने वाली अच्छी बारिश से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है.
हिसार सबसे गर्म, नारनौल की रात सबसे ठंडी: तापमान की बात करें तो प्रदेश में हिसार सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद सिरसा में 34.4 डिग्री, रोहतक में 34.0 डिग्री और अंबाला में 33.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं न्यूनतम तापमान नारनौल में सबसे कम 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार में 26.6 डिग्री, करनाल में 27.0 डिग्री, रोहतक में 26.8 डिग्री और अंबाला में 27.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने के साथ तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है.