36 घंटे में 1.35 लाख रजिस्ट्रेशन! जानिए किसे मिलेंगे हर महीने ₹2,500

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता मिलेगी। योजना के रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। जानें पात्रता, नियम और आवेदन प्रक्रिया।

दिल्ली लक्ष्मी योजना में आवेदन को लेकर महिलाएं काफी दिलचस्पी दिखा रही हैं। योजना की शुरुआत के 36 घंटे के भीतर 1.35 लाख महिलाओं ने पंजीकरण करवा लिया है। इस योजना के तहत लगभग 17 लाख आवेदन आने का अनुमान है। योजना के तहत 21 से 60 साल की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी, जिसमें से 1,000 रुपये सीधे मिलेंगे जबकि 1,500 रुपये तीन साल की एफडी में जमा होंगे।

चौंका रहे आवेदन के आंकड़े

दिल्ली सरकार ने रविवार को दिल्ली लक्ष्मी योजना के रजिस्ट्रेशन के आंकड़े साझा किए। सरकार ने बताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना शुरू होने के एक दिन बाद ही 1.35 लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है। रविवार रात 8 बजे तक 1,35,048 रजिस्ट्रेशन पूरे हो चुके थे। पोर्टल पर 9,660 आवेदन अंतिम रूप से जमा किए गए थे।

ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च

सीएम रेखा गुप्ता ने शनिवार को योजना के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार की ओर से इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये दिए हैं। दिल्ली लक्ष्मी योजना विधानसभा चुनावों के दौरान BJP के मुख्य वादों में से एक है।

सांसद या विधायक की सिफारिश, क्या क्राइटेरिया?

दिल्ली योजना के लिए 21 से 60 साल की उम्र की ऐसी महिलाएं आवेदन करने की पात्र हैं जिनके परिवार की सालाना आमदनी 2.5 लाख रुपये तक है। आवेदक को अपने निर्वाचन क्षेत्र के सांसद या विधायक से सिफारिश लेनी होगी।

किन्हें नहीं मिलेगा लाभ?

वे महिलाएं जो पहले से किसी अन्य योजना या पेंशन का लाभ ले रही हैं, उनको दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। टैक्स देने वाली महिलाएं, सरकारी कर्मचारी, 3 से अधिक बच्चों वाली महिलाओं को भी योजना का पात्र नहीं माना गया है। सालाना 2,400 यूनिट से अधिक बिजली की खपत वाले परिवार की महिलाएं को भी योजना से बाहर रखा गया है। चार पहिया वाहन रखने वाली महिलाएं भी योजना की पात्र नहीं हैं। उन महिलाओं को योजना से बाहर रखा गया है जिनके परिवारों का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है। यही नहीं आपराधिक रिकॉर्ड वाली महिलाएं भी योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

कितनी रकम मिलेगी?

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। 1,000 रुपये सीधे मिलेंगे जबकि 1,500 रुपये तीन साल की एफडी में जमा होंगे। सोमवार से योजना के आवेदन में तेजी आने की उम्मीद है।

विधायकों ने लगाए कैंप

दिल्ली सरकार के अनुसार, इस योजना में आवेदन के लिए एक तरफ जहां पोर्टल शुरू किया गया है तो दूसरी तरफ डीएम और विधायक कार्यालय में भी यह आवेदन किए जाएंगे। कई विधायकों ने इसके लिए अपने कार्यालय में कैंप बना दिए हैं। अन्य विधायकों की ओर से जल्द इसे शुरू किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री रक्षाबंधन के मौके पर 2500 रुपये की पहली किश्त महिलाओं के लिए जारी कर सकती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.