Haryana Weather: हरियाणा में भीषण गर्मी का अलर्ट; 14 जिलों में ‘लू’ की चेतावनी, पारा 44°C पार

हरियाणा में अगले 4 दिनों तक भीषण गर्मी और लू का कहर। सिरसा में पारा 44 डिग्री पहुंचा। मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया। जानें बचाव के उपाय।

चंडीगढ़: हरियाणा में आने वाले दिनों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. दरअसल, आईएमडी चंडीगढ़ के मुताबिक प्रदेश में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन गर्म हवाओं का असर लगातार बना रहेगा.

कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी: मौसम विभाग ने 18 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है. महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है. वहीं 19 मई को हीटवेव का दायरा और बढ़ने की संभावना है. विभाग के अनुसार रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक और जींद समेत 14 जिलों में लू चल सकती है.

सिरसा सबसे गर्म, कई शहरों में पारा 43 के पार: रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सिरसा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा फरीदाबाद में 43.7 डिग्री, रोहतक में 42.8 डिग्री, नारनौल में 42.5 डिग्री और हिसार में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. लगातार बढ़ते तापमान से दिन के समय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

फिलहाल बारिश की संभावना नहीं: मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है. चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के चलते बिजली और पानी की मांग भी बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए.

Leave A Reply

Your email address will not be published.