नोएडा: फ्रंटलाइन स्टोक ब्रोकरस में चेक धोखाधड़ी, एकाउंटेंट समेत 2 पर FIR
नोएडा सेक्टर-4 की कंपनी में लेखाकार विकास राठौर ने किए फर्जी हस्ताक्षर। 4 चेक जारी कर गबन की कोशिश। बैंक के फोन से हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा। पुलिस ने दर्ज किया केस।
नोएडा । सेक्टर-4 स्थित कंपनी में लेखाकार के पद पर काम करने वाले व्यक्ति पर गबन करने के लिए फर्जी हस्ताक्षर कर चार चेक जारी करने का आरोप लगा है। कंपनी निदेशक के मुताबिक उनके पास जब बैंक से फोन आया तो उन्हें इस फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। उन्होंने लेखाकार और एक महिला के खिलाफ फेज-वन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सेक्टर-4 स्थित फ्रंटलाइन स्टोक ब्रोकरस कंपनी कार्यालय की शिखा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह कंपनी की निदेशक हैं। कार्यालय में विकास राठौर तीन मई 2025 से लेखाकार के पद पर कार्यरत है। पिछले दिनों विकास ने कंपनी कार्यालय से चार चेक जारी कर दिए।
इस बारे में सेक्टर-16 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक से दिव्या सोनी का निदेशक के पास फोन आया कि चार में से एक चेक प्रियंका राठौर के नाम पर 42 हजार रुपये का है, जबकि अन्य तीन चेक हस्ताक्षर समेत बिना नाम के हैं। शिखा ने रिकॉर्ड चेक किया तो उन्होंने कोई चेक जारी होने से इनकार किया। एडमिन में बात कर तत्काल चेक जारी होने से रुकवाने के लिए कहा। उन्होंने जांच की तो पता चला कि विकास ने चारों चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर जारी किए थे। इस संबंध में जब प्रियंका राठौर से फोन पर बात हुई तो उसने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और चेक क्लियर करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रियंका राठौर उनकी कंपनी की कर्मचारी नहीं है। आरोपी महिला ने खुद को कंपनी का कर्मचारी होने का फर्जी दावा किया। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस का कहना है कि कंपनी निदेशक की शिकायत पर लेखाकार विकास और प्रियंका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।