गाजियाबाद: ‘हम-तुम’ रोड के लिए 1 जून से भूख हड़ताल, 24 मीटर सड़क की मांग
गाजियाबाद की 'हम-तुम' रोड के निवासियों ने 24 मीटर चौड़ी सड़क न बनने पर 1 जून से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। खस्ताहाल सड़क और हादसों से नाराज हैं सोसाइटी के लोग।
गाजियाबा । वर्षों से हम-तुम रोड के निर्माण की मांग कर रहे स्थानीय निवासियों ने एक जून से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मास्टर प्लान के मुताबिक 24 मीटर चौड़ी सड़क नहीं बनाई गई तो हम-तुम रोड की सभी सोसाइटी के लोग भूख हड़ताल करेंगे। स्थानीय निवासी मंजीत सिंह का आरोप है कि हम-तुम रोड कई सालों से खस्ताहाल पड़ी है। दिनों दिन स्थिति खराब होती जा रही है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। नाले की सफाई न होने से सड़क पर हर समय जलभराव रहता है। लाइटें कहीं जलती हैं तो कहीं खराब हैं। पतली सी सड़क बड़े-बड़े वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे कई हादसे हो चुके हैं और अब तक 16 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं, मुरारी लाल शर्मा का कहना है कि सड़क को चौड़ा कर बनाने और भारी वाहनों पर रोक लगाने के लिए लोग अनेकों बार विरोध-प्रदर्शन और धरना दे चुके हैं, लेकिन सड़क नहीं बन सकी। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छह मीटर सड़क निर्माण से सहमत नहीं लोग
स्थानीय निवासियों के मुताबिक पिछले दिनों प्रस्तावित भूख हड़ताल को जीडीए वीसी के आश्वासन पर स्थगित किया गया, लेकिन अब फिर जीडीए जमीन अधिग्रहण नहीं होने का बहाना बनाकर केवल छह मीटर चौड़ी सड़क बना रहा है। इससे स्थानीय निवासी बिल्कुल सहमत नहीं हैं। लोगों का कहना है कि अब 24 मीटर से कम चौड़ी सड़क मंजूर नहीं है। तय मानकों के हिसाब से सड़क नहीं बनाने की कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय निवासी एक जून से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
टेंडर छह मीटर चौड़ी सड़क का ही दिया गया है
सड़क चौड़ीकरण के लिए किसानों से जमीन लेने के लिए सहमति तो बन गई है, लेकिन बैनामा नहीं हुआ है। बैनामा होने के बाद सड़क को चौड़ा किया जाएगा।